10 दिन में दूसरी बार तोड़ा राष्ट्रीय प्रतीक
गांधी पार्क में लगे अशोक स्तंभ को अज्ञात लोगों ने पहुंचाया नुकसान, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
देवली | देवली के गांधी पार्क में फाउंटेन के बीच लगे अशोक स्तंभ को असामाजिक तत्वों ने नुकसान पहुंचाया है। शुक्रवार रात अंधेरे का फायदा उठाकर राष्ट्र विरोधी लोगों ने देश की शान और सम्मान के प्रतीक अशोक स्तंभ को क्षतिग्रस्त किया है।
क्षेत्र के लोगों ने बताया कि गांधी पार्क के बीचों बीच फाउंटेन बनाया गया है। जिसमें संगमरमर के पत्थर के अशोक स्तंभ लगा है। जिन्हें अज्ञात असामाजिक तत्वों ने तोड़ गिराया। यह क्षतिग्रस्त अशोक स्तंभ फाउंटेन के तल में ही पड़ा है। घटना का पता सफाईकर्मी तथा आसपास के लोगों के पार्क में जाने पर लगा। लेकिन दूसरी बार राष्ट्र के सम्मान के चिन्हों को पहुंचाए गए नुकसान में देश विरोधी लोगों का हाथ सामने आ रहा है, जो जानबूझकर ऐसा कर रहे हैं।
बता दें कि इससे पहले 23 मार्च को शहीद दिवस के दिन ही शहीद स्मारक में लगे बंदूक के बक्से व बंदूक, टोपी को भी नुकसान पहुंचाया गया था। पिछले दिनों नगर पालिका मंडल की ओर से मामले में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। लेकिन अभी तक दोषियों का खुलासा नहीं हुआ। हालांकि शहीद स्मारक की घटना पहली थी। जिसे शराबियों की करतूत थी माना जा रहा था। लेकिन दूसरी बार राष्ट्रीय चिन्हों को नुकसान पहुंचाना इस बात की पुष्टि कर रहा है कि अज्ञात लोग जानबूझकर ऐसा कर रहे हैं।
नगरपालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। इस मामले के दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करवाई जाएगी, जिससे भविष्य में किसी संपति व धरोहर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सके।

0 Response to "10 दिन में दूसरी बार तोड़ा राष्ट्रीय प्रतीक"
एक टिप्पणी भेजें