एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ काम करता है रामकृष्ण मठ, मेरे जीवन में इसकी महत्वपूर्ण भूमिकाः पीएम मोदी
चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को तमिलनाडु में कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने कई परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाने के बाद, शाम के समय चेन्नई में श्री रामकृष्ण मठ की 125वीं वर्षगांठ समारोह में भाग लिया। इससे पहले पीएम मोदी ने चेन्नई और कोयंबटूर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
इस मठ ने मेरे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई- पीएम मोदी
श्री रामकृष्ण मठ की 125वीं वर्षगांठ समारोह में पीएम मोदी ने कहा, ’’रामकृष्ण मठ का मैं बहुत सम्मान करता हूं। इस मठ ने मेरे जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। रामकृष्ण मठ चेन्नई में 125वीं वर्षगांठ मना रहा है। ये मुझे खुशी का एक और कारण देता है। मैं तमिल भाषा, संस्कृति और चेन्नई के माहौल से प्यार करता हूं
प्राचीन विचार नई पीढ़ी तक पहुंच रहे- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ’’आज मुझे विवेकानंद हाउस जाने का मौका मिला। कन्याकुमारी में प्रसिद्ध शिला पर ध्यान करते हुए, स्वामी जी ने अपने जीवन के उद्देश्य की खोज की। मैं प्रेरित और ऊर्जावान महसूस कर रहा हूं। मैं यह देख कर खुश हूं कि प्राचीन विचार नई पीढ़ी तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश भर के लोगों के पास हजारों वर्षों से एक राष्ट्र के रूप में भारत की स्पष्ट अवधारणा थी। यह एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना है। यह वही भावना है जिसके साथ रामकृष्ण मठ काम करता है।
पीएम ने दिया पंच प्रण
पीएम मोदी ने कहा कि देश ने अगले 25 साल को अमृत काल बनाने की ठान ली है। इस अमृत काल का उपयोग पाँच विचारों-पंच प्राणों को आत्मसात करके महान चीजों को प्राप्त करने के लिए किया जा सकता है, जो है विकसित भारत बनाना, औपनिवेशिक मानसिकता के किसी भी निशान को हटाना, अपनी विरासत का जश्न मनाना, एकता को मजबूत करना और अपने विचारों पर ध्यान केंद्रित करना।
1897 में हुई थी मठ की शुरुआत
बता दें कि स्वामी रामकृष्णानंद ने 1897 में चेन्नई में श्री रामकृष्ण मठ की शुरुआत की थी। रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन आध्यात्मिक संगठन हैं, जो मानवतावादी और सामाजिक सेवा गतिविधियों के विभिन्न रूपों में लगे हुए हैं। वहीं, पीएम मोदी ने एक ही दिन में दूसरी वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई है। इससे पहले उन्होंने तमिलनाडु के चेन्नई में रोड शो किया। साथ ही, आज पीएम मोदी ने चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के नए एकीकृत टर्मिनल भवन (फेज-1) का उद्घाटन किया।

0 Response to " एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ काम करता है रामकृष्ण मठ, मेरे जीवन में इसकी महत्वपूर्ण भूमिकाः पीएम मोदी"
एक टिप्पणी भेजें