महात्मा गांधी प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न
जयपुर। महात्मा गांधी इन्स्टीट्यूट ऑफ गवर्नेन्स एण्ड सोशल साइन्सेज, जयपुर में आज 17वें गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शांति एवं अहिंसा विभाग के सचिव श्री नरेश ठकराल ने अपने उद्बोधन में गांधी जी के विचारों की प्रासंगिकता एवं सार्थकता को रेखांकित करते हुए कहा कि गांधी के विचारों को समझ कर उन्हें आत्मसात कर अपने व्यवहार का अंग बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें गांधी को समझने की ज्यादा आवश्यकता है। वर्तमान समय की समस्याओं का गांधी के विचारों में पूर्ण समाधान देखा जा सकता है।
उन्होंने गांधी जी के विचारों की सरलता का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विचारों को समझकर लागू किये जाने की जरूरत है। उन्होनें गांधी को अतीत ही नहीं बल्कि भविष्य का पथप्रदर्शक बताते हुए उनके दर्शन एवं सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने की बात कही।
संस्थान के निदेशक प्रो. बी.एम. शर्मा ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्थान के ‘विजन’ को स्पष्ट करते हुए उपलब्धियों को रेखांकित कर संस्थान में भविष्य में होने वाली गतिविधियों से अवगत करवाया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विकास नौटियाल एवं डॉ. ज्योति अरूण द्वारा तथा डॉ. सौमित्र नाथ झा द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

0 Response to "महात्मा गांधी प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न"
एक टिप्पणी भेजें