Advertisement

 ट्रैक्टर चालक युवक ने अलीगढ़ थाना पुलिस के एएसआई पर मारपीट व चौथवसूली का लगाया गंभीर आरोप,

ट्रैक्टर चालक युवक ने अलीगढ़ थाना पुलिस के एएसआई पर मारपीट व चौथवसूली का लगाया गंभीर आरोप,




- एएसआई पर कार्यवाही को लेकर जिला पुलिस कप्तान को लगाई न्याय की गुहार,

- एएसआई ने ट्रैक्टर चालक द्वारा लगाए गए आरोपों को बताया बेबुनियाद व झूठा

 रिपोर्ट :- बाबू लाल मीना 

टोंक/अलीगढ़/उनियारा । जिले के उनियारा पुलिस सर्किल क्षेत्र के अलीगढ़ थानाअंतर्गत नवाबपुरा गांव निवासी एक ट्रैक्टर चालक युवक ने अलीगढ़ थाना पुलिस के एक एएसआई पर बुधवार रात्रि को उसके साथ थाना परिसर में मारपीट करने सहित चौथवसूली व महंगी शराब की बोतल मंगवाने का गम्भीर आरोप लगाया है। वहीं एएसआई ने उनके ऊपर लगाए गए आरोपों को  बेबुनियाद व झूठा बताया है।पीड़ित ट्रैक्टर चालक द्वारा न्याय के लिए गुरूवार को जिला पुलिस अधीक्षक टोंक के समक्ष न्याय की गुहार लगाई है। 

जानकारी के अनुसार अलीगढ़ थाना क्षेत्र के नवाबपुरा गांव निवासी ट्रैक्टर चालक मंशाराम पुत्र छीतरलाल मीणा ने गुरूवार को जिला पुलिस अधीक्षक टोंक के समक्ष पेश होकर इस आशय की शिकायत दर्ज कराई कि पीड़ित प्रार्थी दिनांक 5 अप्रैल 2023 को शाम के समय 4:00 के करीब अपने गांव नवाबपुरा से अपनी बुआजी के यहां बिशनपुरा गांव में खांखला (भूस्सा) लेने के लिए ट्रैक्टर मय ट्रॉली से जा रहा था। ट्रॉली में 2 महिलाएं व एक बच्चा भी बैठा हुआ था। इसी दौरान पचाला पुलिस चौकी के सामने अलीगढ़ थाने की सरकारी जीप खड़ी हुई थी। जिसका प्रार्थी ट्रैक्टर चालक को ध्यान नहीं था। पीछे से सरकारी जीप को पुलिस द्वारा ट्रैक्टर के पीछे लगाकर एएसआई शंभूसिंह द्वारा ट्रैक्टर मय ट्रॉली में डंडे फेंके। जिससे ट्रॉली में बैठी महिलाओं के लगने पर आवाज देकर रूकवाया। प्रार्थी उक्त ट्रैक्टर को अपनी बुआजी के मकान पर बिशनपुरा गांव में लाकर खड़ा कर मकान के अन्दर चला गया। इसी दौरान पीछे से शंभूसिंह एएसआई व पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर को स्टार्ट करके थाना अलीगढ़ पर ले आए। उसके बाद प्रार्थी ट्रैक्टर चालक अपनी बुआजी के गांव से मोटरसाईकिल पर बैठकर अलीगढ़ आया। जहां थाने के सामने चाय की दुकान वाले रामभरोस को लेकर अलीगढ़ थाने के अंदर गया। वहां पर मौजूद शंभूसिंह एएसआई मिला। जिसने रामभरोस के जरिए दारू की बोतल मंगवाई। प्रार्थी ने दारू की बोतल लाकर रामभरोस को दी तथा रामभरोस ने शंभूसिंह एएसआई को दारू की बोतल लाकर दे दी। रामभरोस व पीड़ित प्रार्थी, एएसआई शंभूसिंह के क्वार्टर में बैठे रहे और एएसआई दारू पीता रहा और ट्रैक्टर छोड़ने का आश्वासन देता रहा। शराब खत्म होने पर एएसआई द्वारा ओर दूसरी बोतल लाने को कहा। जिस पर प्रार्थी द्वारा मना करने पर उसके साथ एएसआई सहित पुलिसकर्मियों ने मारपीट की। मारपीट से चिल्लाने पर प्रार्थी को एएसआई ने क्वार्टर से बाहर निकाल दिया। उसके बाद प्रार्थी रात्रि समय करीब 12:21 बजे अलीगढ़ अस्पताल में दिखाकर वापस अपने घर नवाबपुरा आ गया। गुरूवार की सुबह प्रार्थी के किसी रिश्तेदार के यहां से फोन करके कहा कि मंशाराम को अलीगढ़ थाने में भेज दो, उसका ट्रैक्टर छोड़ देंगे। उसके बाद प्रार्थी उसी चाय वाले रामभरोस के साथ थाने पर गया। वहां पर मौजूद एएसआई शंभूसिंह ने रामभरोस चाय वाले के मार्फत 3500 रूपये लिए तथा उसके बाद चालान के नाम से 2600 प्रार्थी से अतिरिक्त लिए गए। जिसकी पीड़ित प्रार्थी को किसी भी प्रकार की कोई चालान रसीद नहीं दी गई। प्रार्थी उसके बाद अपना ट्रैक्टर लेकर अपने घर पर नवाबपुरा खड़ा करके अपनी पीड़ा को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक टोंक के समक्ष न्याय के लिए पेश हुआ है। 

------- इनका हैं कहना ------- 

इधर मामले को लेकर अलीगढ़ थाना पुलिस के एएसआई शंभूसिंह का कहना है कि ट्रैक्टर चालक मंशाराम मीणा द्वारा उनके ऊपर लगाए गए आरोप बेबुनियाद और झूठे हैं। एएसआई ने बताया कि बुधवार की शाम को पुलिस के उच्चाधिकारियों के निर्देश पर वे मय जाब्ता के पचाला पुलिस चौकी पर नाकाबंदी कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही कर रहे थे। इसी दौरान उक्त ट्रैक्टर चालक आया और पुलिस जाप्ता द्वारा उसे रूकवाने का प्रयास किया तो उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली को नहीं रोका और पुलिस बैरिकेटेड के टक्कर मार दी,जिसके बाद ट्रैक्टर चालक मौके से ट्रैक्टर मय ट्रॉली को लेकर फरार हो गया। जिसका पुलिस जीप द्वारा पीछा किया गया तो बिशनपुरा गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉली को एमवी एक्ट 207 में जप्त कर पुलिस थाने पर लाया गया था। उसके बाद चालक के थाने पर आने पर उसे गिरफ्तार किया गया था।

0 Response to " ट्रैक्टर चालक युवक ने अलीगढ़ थाना पुलिस के एएसआई पर मारपीट व चौथवसूली का लगाया गंभीर आरोप,"

एक टिप्पणी भेजें

ADVERTISEMENT

advertising articles 2

Advertise under the article

DMCA.com Protection Status