महावीर जयंती पर निकाली प्रभात फेरी
जैन समाज ने नाचते-गाते लगाए जयकारे, दुकानें रखी बंद
सवाई माधोपुर | जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का जन्म कल्याणक महोत्सव सोमवार को मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसमें जैन समाज के महिला-पुरूषों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
सकल दिगंबर जैन समाज की ओर से सोमवार को सुबह नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से मंदिर प्रबंध समितियों व समाज के विभिन्न संगठनों के तत्वावधान में प्रभात फेरियां निकाली गई। यहां सुबह साढ़े 9 बजे शहर के पाश्र्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर से भगवान महावीर की प्रतिमा को रथ में विराजमान किया गया।
इसके बाद चंवर ढुलाते हुए बैंड बाजों के साथ शहर के मुख्य बाजार होते हुए खंडार तिराहा, सिटी बस स्टैंड स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन रायजी की नसिया बाग तक भव्य लवाजमे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। यहां से शोभायात्रा वापस पंचायती मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के बाद अष्ट द्रव्यों से भगवान महावीर का संगीतमय विशेष पूजन किया गया। इस दौरान अभिषेक, श्रीजी की जयमाल व सामूहिक आरती का आयोजन भी किया गया
शोभायात्रा में जैन समुदाय के लोग बड़ी संख्या शामिल रहे। इस दौरान शोभायात्रा में जैन समाज की महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। शोभायात्रा के दौरान महिलाएं पीली साडियां पहने हुई दिखाई दी। वहीं इस दौरान पुरुष सफेद कुर्ते पायजामा पहने हुए दिखाई दिए।
शोभायात्रा के दौरान जैन समुदाय के लोग नाचते-गाते और भगवान महावीर के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। महावीर जयंती के अवसर जैन समुदाय के लोगों ने अपने व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी बंद रखे।

0 Response to " महावीर जयंती पर निकाली प्रभात फेरी"
एक टिप्पणी भेजें