Advertisement

 संसद LIVE: शीतकालीन सत्र में 141 विपक्षी सांसदों के निलंबन पर उबाल, आज PM मोदी से मिलेंगी ममता

संसद LIVE: शीतकालीन सत्र में 141 विपक्षी सांसदों के निलंबन पर उबाल, आज PM मोदी से मिलेंगी ममता


 

Parliament Winter Session 2023 Live Updates (संसद का शीतकालीन सत्र): विंटर सेशन में अब तक लोकसभा और राज्यसभा के कुल 141 विपक्षी सांसद सस्पेंड हो चुके हैं। लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही चल नहीं पा रही। विपक्षी सांसद तख्तियां लेकर सरकार का विरोध करने लगते हैं। सुरक्षा में चूक पर गृह मंत्री के बयान और जांच के लिए जेपीसी बनाने की मांग भी हो रही है। ऊपर से, सांसदों के ऐतिहासिक निलंबन को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन पर कहा कि उनका यही आचरण रहा तो 2024 के लोकसभा चुनावों में उनकी संख्या और कम हो जाएगी जबकि बीजेपी को फायदा होगा। संसद के शीतकालीन सत्र 2023 से जुड़े हर अपडेट के लिए बने रहें नवभारतटाइम्‍स के साथ।

  • PM बोले, विपक्ष हार से निराश है
    पीएम नरेंद्र मोदी ने BJP संसदीय दल की मीटिंग में संसद की सुरक्षा में सेंध और उसे उचित ठहराने के प्रयासों पर चिंता जताई। उन्होंने विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन को लेकर उनकी आलोचना की। पीएम ने कहा कि उनका यही आचरण रहा तो 2024 के लोकसभा चुनावों में उनकी संख्या और कम हो जाएगी, जबकि BJP को फायदा होगा। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बताया कि BJP संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए मोदी ने संसद की सुरक्षा में सेंध को उचित ठहराने के प्रयासों पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह उतना ही चिंताजनक है जितना की सुरक्षा में सेंध का मुद्दा है। पीएम ने कहा कि जो कुछ हुआ उसकी लोकतंत्र और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले हर व्यक्ति को सामूहिक रूप से निंदा करनी चाहिए थी। BJP नेता रविशंकर प्रसाद के अनुसार, मोदी ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाली पार्टी खुले तौर पर या गुप्त रूप से इसे कैसे सही ठहरा सकती है। विपक्षी दल हालिया विधानसभा चुनावों में अपनी हार से हताश और निराश हैं और इसलिए संसद की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं। उन्होंने BJP सांसदों से गरिमा बनाए रखने और लोकतांत्रिक आचरण करने का आह्वान किया। मोदी ने कहा कि उनका (विपक्ष का) लक्ष्य उनकी सरकार को उखाड़ फेंकना है, लेकिन उनकी सरकार का लक्ष्य देश का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना है। उन्होंने BJP सांसदों को संसद सत्र के बाद सीमावर्ती गांवों का दौरा करने की भी सलाह दी।
  • सरकार चला रही रौंद दो की रणनीति : कांग्रेस
    कांग्रेस ने संसद के दोनों सदनों से विपक्षी दलों के सांसदों के निलंबन को लेकर BJP की आलोचना की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दमनकारी बिलों को चर्चा के बिना पास कराने के लिए सदन से विपक्ष का सफाया किया जा रहा है। मंगलवार को लोकसभा से 49 और विपक्षी सदस्यों को निलंबित किया गया। ग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘आज लोकसभा से I.N.D.I.A. गठबंधन के करीब 50 और सांसदों को निलंबित कर दिया गया ! विपक्ष का पूर्ण सफाया किया जा रहा है, ताकि दमनकारी बिलों को बिना किसी सार्थक चर्चा के पास कराया जा सके। 13 दिसंबर को लोकसभा में दो लोगों को प्रवेश की सुविधा दिलाने वाले BJP सांसद बेदाग हो जाएं। आगे लिखा कि वास्तव में यह विडंबनापूर्ण है कि जिस BJP सांसद ने 13 दिसंबर को दो घुसपैठियों को लोकसभा में प्रवेश दिलाने में मदद की वह अब भी सांसद हैं। इस सांसद की भूमिका पर गृह मंत्री से बयान की मांग करने वाले सांसदों को दोनों सदनों से निलंबित कर दिया गया है। मोदी है तो यही है!’
  • संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा, 'कल्याण बनर्जी, राहुल गांधी और उनके दोस्तों द्वारा किए गए ड्रामे और उपराष्ट्रपति की जो मिमिक्री की गई है, उसकी मैं निंदा करता हूं। I.N.D.I.A गठबंधन वैसे भी एक भ्रमणशील पार्टी है, वे अलग-अलग शहरों में नाटक करते हैं। लेकिन अब उन्होंने ड्रामा टॉकीज में मिमिक्री शुरू कर दी है... इससे पहले भी उनका रवैया देखिए - उन्होंने पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति के बारे में गलत टिप्पणियां की थीं।'
  • TMC सांसद ने धनखड़ की नकल उतारी
    सांसदों के निलंबन पर जब विपक्ष विरोध जता रहा था तब TMC सांसद कल्याण बनर्जी राज्यसभा सभापति जगदीप धनखड़ की नकल उतारते देखे गए। इस दौरान राहुल गांधी मोबाइल से विडियो बनाते नजर आए। राज्यसभा में धनखड़ ने इस पर नाराजगी जताई और कहा कि असंसदीय आचरण अस्वीकार्य है।
  • संसद सुरक्षा चूक: 'सिग्नल ऐप पर करते थे बात'
    सूत्रों ने बताया कि पुलिस को ‘मेटा’ से इन वाट्सएप ग्रुप के सभी सदस्यों के साथ-साथ उनकी 'चैट' की डिटेल भी मिली है। आरोपी सुरक्षा में सेंध की योजना बनाने के लिए ‘सिग्नल’ ऐप पर भी बात करते थे और पिछले साल कर्नाटक के मैसूर में मिले थे। एक अधिकारी ने कहा कि मैसूर के रहने वाले मनोरंजन ने पांचों का यात्रा खर्च उठाया था। पुलिस उन चार आरोपियों के फर्जी सिम कार्ड हासिल करने की कोशिश कर रही है जिनके मोबाइल फोन राजस्थान में झा और कुमावत द्वारा कथित तौर पर नष्ट कर दिए गए थे।
  • संसद सुरक्षा चूक: भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद के नाम पर बने छह वाट्सएप ग्रुप का हिस्सा थे आरोपी
    संसद की सुरक्षा में सेंध मामले में गिरफ्तार आरोपी भगत सिंह और चंद्रशेखर आजाद के नाम पर बने छह वाट्सएप ग्रुप का हिस्सा थे। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जांच से जुड़े सूत्रों ने बताया कि आरोपी और इन ग्रुप के अन्य सदस्य नियमित रूप से स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों पर चर्चा करते थे और संबंधित विडियो क्लिप भी साझा करते थे। लोकसभा में 13 दिसंबर को सागर शर्मा और मनोरंजन डी. शून्यकाल के दौरान दर्शक दीर्घा से सदन कक्ष में कूद गए थे और इस दौरान ‘केन’ से पीला धुआं छोड़ा और नारे लगाए। दोनों को बाद में कुछ सांसदों ने पकड़ लिया था। उसी समय, संसद भवन परिसर के बाहर अमोल शिंदे और नीलम देवी ने ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ के नारे लगाते हुए ‘केन’ से रंगीन धुआं छोड़ते हुए प्रदर्शन किया था। चारों के अलावा पुलिस ने कथित मुख्य साजिशकर्ता ललित झा और महेश कुमावत को भी गिरफ्तार किया है। उन पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

0 Response to " संसद LIVE: शीतकालीन सत्र में 141 विपक्षी सांसदों के निलंबन पर उबाल, आज PM मोदी से मिलेंगी ममता"

एक टिप्पणी भेजें

ADVERTISEMENT

advertising articles 2

Advertise under the article

DMCA.com Protection Status