कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष बोले- पेपर लीक नहीं हुआ
बोले- कुछ लोग बेवजह फैला रहे हैं अफवाह, नेटबंदी प्रशासन का निर्णय
जयपुर | राजस्थान में 48,000 पदों पर होने जा रही शिक्षक भर्ती परीक्षा के पहले दिन ही प्रदेश के 3 जिलों में फर्जी अभ्यर्थी पकड़ में आए हैं। ऐसे में लोगों के बीच में भर्ती परीक्षा को रद्द करने को लेकर कई तरह की चर्चाएं दिनभर चलती रही। दैनिक भास्कर ने राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा से इस बारे में सीधे सवाल पूछे। इसमें पेपर लीक से लेकर परीक्षा को रद्द करने जैसे सवालों पर शर्मा ने भी अपनी राय रखी। आप भी पढ़िए भास्कर से बोर्ड अध्यक्ष की बातचीत....
सवाल - क्या शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ है?
जवाब - पेपर लीक को लेकर बहुत जल्दी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा जा सकता है। अभी लीक जैसी कोई भी बात सामने नहीं आई है। हालांकि जोधपुर पुलिस ने कुछ अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की है। उन अभ्यर्थियों के पास से भी जो प्रश्न पत्र मिला है। वह असली प्रश्नपत्र से पूरी तरह अलग है। उसमें से एक भी सवाल असली प्रश्नपत्र में नहीं आया है। ऐसे में पेपर लीक जैसी कोई भी संभावना फिलहाल नहीं है।
सवाल - प्रदेश भर में फर्जी अभ्यर्थी पकड़ में आए हैं। उनके पास कहां से और कौनसा पेपर आया?
जवाब - राजस्थान में अभ्यर्थियों को बेवकूफ बनाने के लिए काफी गिरोह सक्रिय है। जो भोले भाले अभ्यर्थियों को ठग कर उन्हें फर्जी पेपर बेच रहे हैं। जिससे उन्हें बचना चाहिए। फिलहाल इस मामले में ज्यादा बेहतर जवाब तो पुलिस ही दे पाएगी। क्योंकि फर्जी अभ्यर्थियों को जिला स्तर पर पुलिस की टीम ने ही पकड़ा है।
सवाल - नेटबंदी क्यों कि गई, क्या इससे पेपर लीक नहीं होगा?
जवाब - नेटबंदी करने का निर्णय बोर्ड का नहीं, बल्कि प्रशासन का है। बोर्ड ने सिर्फ सरकार को बताया था कि राजस्थान में शिक्षक भर्ती परीक्षा काफी महत्वपूर्ण है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से अगर नेट बंद किया जाता है तो अच्छा रहेगा। हालांकि शनिवार को पहली पारी के पेपर में ज्यादातर जिलों में नेट बंद नहीं किया गया था।
सवाल - परीक्षा में कुछ सवाल गलत आए हैं, क्या उन पर बोनस अंक दिया जाएगा?
जवाब - बोर्ड की ओर से शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर एक्सपर्ट कमेटी का गठन कर दिया गया है। जो सवाल और जवाब को क्रॉस वेरिफाई कर इस पर फैसला लेगी।
सवाल - भर्ती परीक्षा की तारीख में बदलाव को लेकर भी सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल हो रहे हैं। क्या इनमें सच्चाई है?
जवाब - सोशल मीडिया पर पूरी तरह फर्जी अफवाह चल रही है। शिक्षक भर्ती परीक्षा का निर्धारित शेड्यूल ही बना रहेगा। इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं होगा। फिलहाल पेपर लीक जैसी किसी भी बात की पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए स्टूडेंट्स को भी अफवाहों से दूरी बनाए रखनी चाहिए।
सवाल - कौन लोग हैं, जो अफवाह फैला रहे हैं?
जवाब - इस मामले को लेकर पुलिस और प्रशासन की टीम ही बेहतर जवाब दे पाएगी। पेपर लीक को लेकर जो अफवाह बाजार में चल रही है, उनमें किसी तरह की कोई सत्यता नहीं है।
शिक्षक भर्ती परीक्षा के पहले दिन पहली पारी में लेवल-1 का एग्जाम कंपलीट हो चुका है। एग्जाम कैसा रहा, कौन से प्रश्नों पर विवाद है। विवादित प्रश्न का सही उत्तर क्या है? यह बताने के लिए भास्कर ऐप की रीट-मेंस स्पेशल सीरीज में 25 एक्सपर्ट टीचर्स जुड़े हैं। परिष्कार कोचिंग के एक्सपर्ट टीचर्स ने कई घंटों की मेहनत के बाद एग्जाम में पूछे गए सभी 150 प्रश्नों की आंसर-की तैयार की है

0 Response to "कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष बोले- पेपर लीक नहीं हुआ"
एक टिप्पणी भेजें