शांति और सद्भाव से मनायेंगे त्यौहार, अफवाह फैलाने पर होगी कड़ी कार्रवाई: जिला पुलिस अधीक्षक
गुरुवार, 30 मार्च 2023
Comment
सवाई माधोपुर। जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अगरवाला की अध्यक्षता एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी की उपस्थित में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आगामी दिनों में विभिन्न समुदायों के कई त्यौहार आ रहे हैं। इस दौरान पूर्ण सद्भाव, सौहार्द, शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना जिले के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इस पर जिला स्तरीय शांति समिति के सभी सदस्यों ने पूर्ण सहमति जताते हुए कहा कि वे आमजन को समझायेंगे कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक, भडकाऊ पोस्ट को लाइक, शेयर, फारवर्ड न करें तथा ऐसी पोस्ट दिखते ही सीधे पुलिस को सूचित करे। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों की सूचना भी तत्काल पुलिस को दे।जिला पुलिस अधीक्षक ने छोटी से छोटी घटना को पूर्ण गम्भीरता से लेकर गडबडी फैलाने की कोशिश करने वाले के विरूद्ध तत्काल एक्शन लेने की बात कहीं। उन्होंने सभी शांति समिति के सदस्यों से रामनवमीं के जुलूस के दौरान बिना अनुमति जूलूस, सड़क पर डीजे बजाने पर रोक की पूर्ण पालना करने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि सक्षम अधिकारी की अनुमति के बाद जुलूस या अन्य कोई धार्मिक आयोजन होता है और यह निर्धारित रूट के बजाय अन्य स्थान से गुजरता है, भडकाऊ नारे लगाये जाते हैं, किसी भी राहगीर, दुकानदार या अन्य व्यक्ति को परेशान किया जाता है तो सम्बंधित व्यक्ति के साथ ही आयोजक पर भी कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे किसी धर्म, जाति या वर्ग का हो, अपराध में उसकी संलिप्तता पाये जाने पर उसे बख्शा नहीं जाएगा क्योंकि एक छोटी सी लगने वाली घटना पूरे जिले का नाम बदनाम करती है, दूसरे स्थानों पर भी तनाव की सम्भावना बनती है, छवि को आंच आती है, कई वर्षो तक इसका दंश और आपसी मनमुटाव जारी रहता है, अर्थव्यवस्था, रोजगार की स्थिति खराब होती है।
जिला पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में साम्प्रदायिक सौहार्द का माहौल है। पुलिस प्रो-एक्टिव होकर शांति व्यवस्था कायम रखने की दिशा में कार्य कर रही है। त्यौहारों को देखते हुये गश्त बढा दी गई है। सीएलजी की मदद से विभिन्न समुदायों के बीच शांति का माहौल कायम करने तथा कम्यूनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने का कार्य किया जा रहा है।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने बताया कि किसी भी व्यक्ति ने जिले में शांति भंग करने, सद्भाव का माहौल बिगाडने की कोशिश की तो उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। समाजकंटक जिले के माहौल को बिगाडने की कोशिश करें, यह प्रशासन और पुलिस सहन नहीं करेंगे। समाजकंटकों के मंसूबे कामयाब न हो, इसके लिए ऐसे लोगों को चिन्हित करने के साथ ही प्रिवेंटिव कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए।

0 Response to "शांति और सद्भाव से मनायेंगे त्यौहार, अफवाह फैलाने पर होगी कड़ी कार्रवाई: जिला पुलिस अधीक्षक"
एक टिप्पणी भेजें