देश का हर नागरिक करे महात्मा गांधी की विचारधारा को आत्मसात - प्रो. सतीश राय
-2 दिवसीय जिला स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर का हुआ आगाज -गांधीवादी विचारकों ने महात्मा गांधी की विचारधारा पर डाला प्रकाश
जयपुर,। आधुनिकता के दौर में गांधीवादी विचार की प्रासंगिकता और भी ज्यादा बढ़ गई है। यही कारण है कि आज देश के हर नागरिक को महात्मा गांधी की विचारधारा को आत्मसात करने की जरूरत है। यह कहना है जाने माने गांधीवादी विचारक प्रो. सतीश राय का।
मंगलवार को जयपुर जिला परिषद के सभागार में दो दिवसीय जिला स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर का आगाज हुआ। शिविर को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित करते हुए श्री सतीश राय ने कहा कि गांधी जी का व्यक्तित्व एवं चरित्र अनुकरणीय है, हमारे आचार, विचार एवं व्यवहार में गांधीवादी विचार प्रतिबिंबित होना ही हमारे जीवन की सार्थकता है। आज देश के नागरिकों को जात-पात के भेद को मिटाकर भारत जोड़ने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने राष्ट्रीय चेतना की आवाज पर देश को एक करने का काम किया।
शांति एवं अहिंसा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में जयपुर जिले के सैकड़ों कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। शिविर के पहले दिन गांधीवादी विचारक श्री धर्मवीर कटेवा, श्री सवाई सिंह एवं श्री हिमांशु ने अपना उद्बोधन दिया। बुधवार को शिविर के दूसरे दिन भी गांधीवादी विचारकों के सम्बोधन होंगे।
वहीं, शिविर को संबोधित करते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री जसमीत संधू ने कहा कि शिविर का मकसद गांधीवादी विचार को जन-जन तक पहुंचाना है। शिविर में हिस्सा लेने वाले सभी कार्यकर्ता ना केवल गांव-गांव, ढाणी-ढाणी तक राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों का प्रचार करेंगे, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का भी प्रचार कर समाज के अंतिम तबके तक उनका लाभ पहुंचाने में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।
उद्घाटन सत्र में जिला परिषद की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती सुमन देवी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

0 Response to "देश का हर नागरिक करे महात्मा गांधी की विचारधारा को आत्मसात - प्रो. सतीश राय"
एक टिप्पणी भेजें