टोंक पुलिस ने 100 से ज्यादा बदमाशों को पकड़ा
देर रात तक चलेगा धरपकड़ अभियान, पीपलू और घाड़ पुलिस ने पकड़े सबसे ज्यादा आरोपी
टोंक | टोंक जिले में एसपी राजर्षि राज वर्मा के आदेश पर पुलिस ने बदमाशों खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शहर के थानों समेत जिले भर के थानों की पुलिस अपराधियों की धरपकड़ करने में कोई कसर नहीं छोड़ रखी है। बीते 24 घंटे में पुलिस ने करीब 100 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। सबसे ज्यादा 27-27 बदमाश घाड़ और पीपलू पुलिस ने पकड़े हैं और इनके कब्जे से 2 बाइक और अन्य सामान भी जब्त किए हैं। देवली पुलिस ने भी 16 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया है।
पीपलू थाना प्रभारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।। घाड़ थाना प्रभारी राधाकिशन मीणा ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ से चोरियां आदि की वारदातें भी खुलने की संभावना है।
2 बाइक के साथ 27 बदमाश गिरफ्तार
लांबाहरिसिंह पुलिस ने भी 24 बदमाशों को गिरफ्तार कर उनसे टोपीदार बंदूक आदि जब्त की है। थाना अधिकारी भागीरथ सिंह ने बताया कि वांछित आरोपियों और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 19 लोग शांतिभंग, 2 व्यक्ति गिरफ्तारी वारंट में गिरफ्तार किए गए हैं। 1 व्यक्ति को अवैध टोपीदार बंदूक के साथ और 1 व्यक्ति को 60 पव्वे देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। इसके अलावा 3 लोगों को अन्य मामलों में गिरफ्तार किया गया है।
जिले भर में की जा रही है बदमाशों की धरपकड़
एसपी राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बदमाशों को पकड़ने अभियान चला रखा है। जिले भर में बदमाशों को पकड़ने के लिए अभियान देर रात तक चलेगा। सोमवार को गिरफ्तारी के फाइनल आंकड़े सामने आएंगे।

0 Response to " टोंक पुलिस ने 100 से ज्यादा बदमाशों को पकड़ा"
एक टिप्पणी भेजें