जयपुर ब्लास्ट के पीड़ितों से मिले विधायक कालीचरण सराफ
बोले- सरकार की लापरवाही से हुई दोषियों की रिहाई, सड़क से सदन तक करेंगे आंदोलन
जयपुर | राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक कालीचरण सराफ ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को सराफ जयपुर ब्लास्ट के मृतक रामबाबू अग्रवाल के घर पहुंचे। जहां उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के साथ ही दोषियों को सजा दिलाने का वादा किया।
कालीचरण सराफ ने कहा कि कोर्ट के फैसले को आए 13 दिन का वक्त बीत गया है। लेकिन अब तक सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर नहीं की है। ऐसे में 12 अप्रैल को बीजेपी जयपुर ब्लास्ट के मृतकों के परिजन और घायलों के साथ कैंडल मार्च निकालेगी। ताकि राजस्थान की सोई हुई सरकार को जगह सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। यही कारण है कि 70 से ज्यादा मृतकों के मौत के मामले में भी कोर्ट में पैरवी तक नहीं की गई। जिसको लेकर सिर्फ जयपुर ही नहीं बल्कि, राजस्थान की जनता में भारी आक्रोश है। ऐसे में जब तक सरकार दोषियों को सजा दिलाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाएगी। बीजेपी सड़क से लेकर सदन तक इस मामले पर आंदोलन करेगी।
इस दौरान सराफ के साथ महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सुमन शर्मा, नगर निगम ग्रेटर उपमहापौर पुनीत कर्नावट, चेयरमैन रमेश सैनी, पार्षद नरेश शर्मा,महेश सैनी, कविता कटियार, जयपुर शहर उपाध्यक्ष ब्रह्म कुमार सैनी, मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा, जितेंद्र अजमेरा समेत भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

0 Response to "जयपुर ब्लास्ट के पीड़ितों से मिले विधायक कालीचरण सराफ"
एक टिप्पणी भेजें