Advertisement

 राजस्थान में फिर बारिश, ओले भी गिरे

राजस्थान में फिर बारिश, ओले भी गिरे



कोटा मंडी में अनाज भीगा; जयपुर, उदयपुर, जोधपुर संभाग में बूंदाबांदी की संभावना

जयपुर | राजस्थान के कोटा, झालावाड़ और रावतभाटा (चित्तौड़गढ़) में शनिवार दोपहर में बारिश हुई। झालावाड़ में ओले भी गिरे। इसके बाद किसानों की परेशानी एक बार फिर बढ़ गई है। उदयपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर और जयपुर संभाग में बादल छाने की संभावना बरकरार है। कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी हो सकती है। मध्य भारत में बने एक सिस्टम का असर राजस्थान में देखने को मिल रहा है। मध्य प्रदेश से सटे शहरों में इसका ज्यादा प्रभाव रहेगा। बीकानेर संभाग सहित उत्तरी हिस्सों में मौसम शुष्क है और तेज धूप निकली है।

जयपुर के मौसम केंद्र के अनुसार, अजमेर, जयपुर (दक्षिण- पश्चिम), टोंक, बूंदी ,भीलवाड़ा, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, उदयपुर, बारां एरिया में रात तक बादल छा सकते हैं। इन शहरों में रात तक हल्की बूंदाबादी की संभावना है।

कोटा में बारिश से मंडी में जिंस भीगा

कोटा में उमस व गर्मी के बाद दोपहर 3.30 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। पहले हवा चली, फिर काले बादल छा गए। थोड़ी देर बाद हवा के साथ बरसात हुई। बारिश से भामाशाह अनाज मंडी में जिंस बेचने पहुंचे किसानों के अरमानों पर पानी फिर गया। किसान मंडी परिसर में खुले पड़े जिंस को बारिश से बचाने की जुगत करते रहे। थोड़ी ही देर हुई बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी। बारिश से मंडी में पड़ा जिंस भीग गया। थोड़ी देर बाद ही वापस धूप खिल गई।

झालावाड़ में आधे घंटे हुई बारिश

झालावाड़ में शनिवार शाम करीब 4 बजे बाद अचानक मौसम ने करवट ली। खानपुर क्षेत्र में तेज हवा आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। झालावाड़ जिले के नजदीक गांव मंगीशपुर गांव में ओले भी गिरे। कस्बे समेत क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक बारिश का दौर रहा। किसानों ने बताया कि हमारी गेहूं चने समेत फसलें कटी हुई खेतों में पड़ी हैं। बारिश से चने काले पड़ने की आशंका है। उधर, जिला मुख्यालय पर मौसम साफ है।

रावतभाटा में 20 मिनट तक झमाझम बारिश

चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा क्षेत्र में आज दोपहर अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब 20 मिनट तक पानी गिरा। इससे पहले सुबह से ही काफी उमस और गर्मी से लोग परेशान रहे। मौसम के बदलाव से किसान भी अपनी फसलों को लेकर चिंतित हैं।


शहरों में तापमान बढ़ा, गर्मी तेज हुई

उत्तरी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, गंगानगर, झुंझुनूं के अलावा भरतपुर, सीकर, जयपुर, जोधपुर, जालोर में अब धीरे-धीरे तापमान बढ़ने लगा है। शुक्रवार को सबसे ज्यादा तापमान जालोर में 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसी तरह सिरोही में 36.7, जोधपुर में 36.3, फलोदी में 37 और बाड़मेर में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


अगले 5 दिन साफ रहेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, राजस्थान में अगले 4-5 दिन तक मौसम शुष्क रहेगा। अगले सप्ताह से कई शहरों में तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी तेज होने लगेगी। अभी अजमेर, अलवर, जयपुर, सीकर, कोटा, चूरू, बीकानेर, जैसलमेर, जोधपुर समेत तमाम शहरों में तापमान सामान्य से नीचे है। अगले सप्ताह इसमें बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।

टोंक जिले में बादल छाए, किसानों की चिंता बढ़ी

टोंक जिले में 2 दिन मौसम साफ रहने के बाद शनिवार सुबह एक बार फिर मौसम में बदलाव आया है। सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसान खेतों में कटी पड़ी फसल के बारिश से भीगने की आशंका है। थ्रेसर से फसल निकलवाने में किसान जुटे हैं, ताकि जल्दी से जल्दी फसल घर पहुंच सके।

सीकर में 11 अप्रैल तक शुष्क रहेगा मौसम

सीकर में आने वाले 3 से 4 दिन बारिश का अब कोई अलर्ट नहीं है। सीकर में 11 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहने वाला है। ऐसे में तापमान में भी ज्यादातर बढ़ोतरी होने के आसार हैं। सीकर में आज न्यूनतम के तापमान में 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।

0 Response to " राजस्थान में फिर बारिश, ओले भी गिरे"

एक टिप्पणी भेजें

ADVERTISEMENT

advertising articles 2

Advertise under the article

DMCA.com Protection Status