मालपुरा को जिला बनाने की मांग
टोरडी और पचेवर के बाजार रहे बंद, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन , 16 अप्रेल को होगा महापड़ाव
मालपुरा | मालपुरा को जिला बनाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में रविवार को उपखंड के टोरडी एवं पचेवर ग्राम पंचायत मुख्यालय के बाजार बंद रहे। वही मुख्यालय पर रैगर समाज और वार्ड नंबर 31 के वासियों ने मुख्यमंत्री एवं रामलुभाया कमेटी के अध्यक्ष के नाम तहसीलदार सहदेव मंडा को ज्ञापन सौंपा।
मालपुरा को जिला बनाने की मांग को लेकर जिला बनाओ कोर कमेटी की ओर से चल रहे आंदोलन में टोरडी एवं पचेवर संपूर्ण बाजार बंद रहे। जिसके चलते लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। वहीं टोरडी ग्राम में सरपंच हेमेंद्र सिंह पंचायत समिति सदस्य भंवरलाल मुवाल, देवकीनंदन पालीवाल के नेतृत्व में ग्रामवासियों ने सार्वजनिक पार्क में धरना दिया तथा हस्ताक्षर अभियान चलाकर थाना प्रभारी भूराराम खिलेरी को ज्ञापन सौंपा। रैगर समाज एवं वार्ड नंबर 31 के वासियों ने रैली निकालकर नारेबाजी करते हुए व्यास सर्किल स्थित धरना स्थल पर पहुंचे। जहां पर तहसीलदार सहदेव मंडा को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं राम लुभाया कमेटी के अध्यक्ष के नाम ज्ञापन सौंपा।
धरना स्थल पर हिंदू समरसता मंच के आह्वान पर जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। जिसमें विधायक कन्हैया लाल चैधरी, कोर कमेटी के सदस्य जतनलाल जाट, रवि जैन, प्रेम प्रकाश सैनी, कांग्रेस शहर अध्यक्ष इसाक नकवी, डीआर भरत सांडीवाल, अवधेश शर्मा, भंवर मुवाल, कृष्णकांत जैन गोपाल गुर्जर, नंदलाल गुर्जर, दिनेश विजय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में 16 अप्रैल को आयोजित होने वाले महापड़ाव को लेकर चर्चा की गई और 11 अप्रैल से गांव गांव ढाणी-ढाणी जाकर लोगों को महापड़ाव में शामिल होने का आह्वान किया गया। वही मुख्यालय पर सोमवार को वैश्य समाज की ओर से गांधी पार्क से रैली निकालकर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

0 Response to " मालपुरा को जिला बनाने की मांग"
एक टिप्पणी भेजें