नागौर प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विकास कार्यो का किया लोकार्पण
शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में दिया गया सहयोग कभी व्यर्थ नही जाता - उच्च शिक्षा, राज्यमंत्री
जयपुर। उच्च शिक्षा राज्यमंत्री श्री राजेन्द्रसिह यादव ने कहा कि शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में दिया गया सहयोग कभी व्यर्थ नही जाता, व्यक्ति को अपना दिल खोलकर खुले हाथ से सहयोग करना चाहिए ताकि आने वाली पीढियां इसका फायदा उठा सके। नागौर जिला प्रभारी मंत्री श्री यादव गुरुवार को मेड़ता व गोटन क्षेत्र के दौरे के दौरान आमजन को संबोधित कर रहे थे।
प्रभारी मंत्री ने दौरे के दौरान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय टुंकलिया/ धनापा तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय व राजकीय उप स्वास्थ्य केंद्र रामनगर के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। उन्होंने वहां उपस्थित छात्र—छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खूब मन लगाकर पढाई करें और अपने गांव का नाम रोशन करें। उन्होंने राज्य सरकार के कार्याें की चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत के सानिध्य में सरकार राज्य में चहुंमुखी विकास कर रही है। शिक्षा नि:शुल्क कर दी गई है, स्कूलों को माध्यमिक से उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत किया गया है एवं कॉलेजों को बढ़ाया गया है। चिकित्सा के क्षेत्र में चिरंजीवी योजना, स्वास्थ्य का अधिकार लागू कर नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा लागू की गई है। साथ ही उन्होने सभी ग्रामीणों का शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान पर आभार जताया।
उल्लेखनीय है कि मंत्री श्री यादव 5 व 6 अप्रैल को दो दिवसीय नागौर दौरे पर रहे। जहां उन्होंने 5 अप्रैल को मकराना तथा जिला मुख्यालय पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व उद्घाटन करते हुए जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

0 Response to "नागौर प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विकास कार्यो का किया लोकार्पण"
एक टिप्पणी भेजें