पोती नातिन के साथ दादी नानी का रैंप वॉक
गणगौर महोत्सव में पारंपरिक परिधानों में महिलाओं ने किया रैंप वॉक
कोटा | गोद में डेढ़ साल की पोती मान्या और हाथ से हाथ पकड़कर चल रही सात साल की नातिन, जब रैम्प पर वॉक करते हुए दो पीढ़ियां नजर आई तो हॉल में तालियां गूंज उठी। नजारा था धाकड़ समाज के गणगौर महोत्सव का, जहां विभिन्न कार्यक्रम महोत्सव में आयोजित किए गए। धाकड़ समाज का गणगौर महोत्सव मिलन रविवार को रंगबाडी स्थित धरणीधर गार्डन में मनाया गया। जिसमें नखराली गणगौर और गणगौर थाली डैकोरेशन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इस दौरान महिलाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
रैम्प वॉक के लिए प्रतिभागी ट्रेडिशनल लुक में नजर आई। पारंपरिक परिधानों में सजी धजी महिलाएं संगीत की धुन पर कैटवॉक करती नजर आई। लहंगा चुन्नी और सीधे पल्ले की साड़ी पहने महिलाओं ने राजस्थानी और गणगौर से संबधित गीतों पर रैंप वॉक किया। इस दौरान राजस्थानी गीतों पर डांस की प्रस्तुति भी प्रतिभागियों ने दी। बच्चों ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। गणगौर क्वीन प्रतियोगिता तीन राउंड में आयोजित की गई।
जिसमें इंट्रोडक्शन, टैलेंट राउंड और क्वेश्चन राउंड होंगे। इंट्रोडक्शन राउंड में प्रतिभागी महिलाओं ने अपना परिचय दिया और रैंप वॉक किया। दूसरे राउंड में डांस की प्रस्तुति दी गई और तीसरे राउंड में राजस्थानी परंपरा से संबंधित प्रश्न पूछे गए। रैम्प वॉक राउंड में प्रतिभागियों के बाद दादी पोती भी रैम्प पर उतरी। पोतियों का हाथ थामे तो कुछ गोद में पोती को लेकर रैंप वॉक के लिए आई।
इस दौरान रैम्प पर डांस करती नजर आई। वहीं डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ भी पीछे नहीं रहे। न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल की पीजी रेजिडेंट डॉ.वर्षा नागर और रंगबाडी डिस्पेंसरी की नर्सिंग स्टाफ रिंकू नागर ने भी रैम्प वॉक में भाग लिया। इस अवसर पर गणगौर की झांकी बनाई गई और उनकी पूजा की गई। ईसर की बारात व वरमाला का भी भव्य आयोजन हुआ।

0 Response to " पोती नातिन के साथ दादी नानी का रैंप वॉक"
एक टिप्पणी भेजें