बीजेपी के पदाधिकारियों को मिलेंगे आईडी कार्ड
पार्टी के स्थापना दिवस पर 1089 बूथ अध्यक्षों को बांटे कार्ड, पन्ना प्रमुख को भी दिए जाएंगे
टोंक | बीजेपी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी अब पार्टी के आईडी कार्ड के साथ दिखाई देंगे। बीजेपी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को आईडी कार्ड बांटना शुरू कर दिया है। गुरुवार को टोंक जिले में एक हजार से ज्यादा बूथ अध्यक्षों को आईडी कार्ड बांटे गए हैं। वहीं 13 अप्रैल एक बूथ शक्ति संयोजक और पन्ना प्रमुख को करीब 20 हजार आईडी कार्ड दिए जाएंगे।
टोंक शहर समेत जिले भर में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों की ओर से भाजपा का स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर बीजेपी को राजस्थान में सत्ता में लाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को संयुक्त प्रयास करने के लिए कहा गया। टोंक शहर में जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराना के साथ ही जिला प्रमुख सरोज नरेश बंसल, पूर्व नगर परिषद लक्ष्मी जैन, बीना छामुनिया, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल अध्यक्ष राजेश शर्मा आदि ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधानसभा चुनाव के लिए अभी से ही जी जान से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी है, इसलिए पार्टी के निर्देशानुसार इनके सम्मान में आईडी कार्ड बांटे जा रहे हैं।
बीजेपी जिलाध्यक्ष पराना ने बताया कि पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर जिले भर में 1089 बूथ अध्यक्षों को आईडी कार्ड बांटे जा चुके हैं। अब करीब 20 हजार बूथ शक्ति संयोजक और पन्ना प्रमुख को आईडी कार्ड दिए जाएंगे। इससे पार्टी के प्रति इनको नई ऊर्जा मिलेगी।
कांग्रेस राज में हत्या और दुष्कर्म ज्यादा
उदयपुर में दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर जिला प्रमुख सरोज नरेश बंसल ने कहा कि प्रदेश में आए दिन हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही है। इससे कांग्रेस सरकार को कोई मतलब नहीं है। वह तो सत्ता में दोबारा आने के लिए योजना लागू करने में लगी है, जबकि योजनाएं धरातल पर नहीं उतर रही है।

0 Response to "बीजेपी के पदाधिकारियों को मिलेंगे आईडी कार्ड"
एक टिप्पणी भेजें