Rajasthan Polls 2023: भाजपा की तीसरी लिस्ट में भी वसुंधरा खेमे का दबदबा, 58 उम्मीदवारों में सात महिलाएं भी शामिल
जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव में भाजपा ने प्रत्याशियों की तीसरी सूची जारी की है। बृहस्पतिवार को जारी 58 नामों की सूची में सात महिलाओं को प्रत्याशी बनाया गया है। एक दिन पहले भाजपा में शामिल होने वाले तीन नेताओं को भी टिकट दिया गया है। इनमें दर्शन सिंह को करौली, सुभाष मील को खंडेला और उदयलाल डांगी को वल्लभनगर से टिकट दिया गया है। दर्शन सिंह व मील बुधवार शाम तक कांग्रेस और डांगी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी में थे।बता दें कि आठ वर्तमान विधायकों को भी टिकट दिया गया है। हवामहल विधानसभा सीट से कट्टर हिंदू चेहरे बालमुकुंदाचार्य को प्रत्याशी बनाया गया है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने सरदारपुरा से महेंद्र सिंह राठौड़ एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के सामने टोंक से अजीत मेहता को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
वसुंधरा खेमे के इन नेताओं को नहीं मिला टिकट
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे खेमे के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कैलाश मेघवाल और युनूस खान को टिकट नहीं दिया गया है। दोनों की पंरपरागत सीट से अन्य नेताओं को टिकट दिया गया है। मेघवाल को पार्टी नेतृत्व के खिलाफ बयानबाजी करने के कारण नोटिस दिया था, जिसका उन्होंने जवाब भी दिया है।
अबतक कितने उम्मीदवारों का हुआ एलान?
तीसरी सूची में वसुंधरा खेमे के दस नेताओं को टिकट दिया गया है। दो पूर्व प्रदेशाध्यक्षों अरूण चतुर्वेदी की सीट सिविल लाइंस व अशोक परनामी की सीट आर्दश नगर को लेकर अबतक कोई फैसला नहीं दिया गया है। तीन सूचियों में भाजपा ने कुल 200 सीटों में से 182 सीटों पर नाम घोषित कर दिए हैं। अभी 18 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा होना शेष है। तीसरी सूची में 29 सीटों पर पिछला चुनाव हारे हुए नेताओं को फिर मौका दिया गया है।
इन नेताओं को मिला टिकट
सादुलशहर से गुरवीर सिंह, करणपुर से सुरेंद्र पाल टीटी, सूरतगढ़ से रामप्रताप कसानिया, खाजुवाला से विश्वनाथ मेघवाल, कोलायत से पूनम कंवर, सादुलशहर से सुमित्रा पूनिया, पिलानी से राजेश दहिया, खेतड़ी से धर्मपाल, सीकर से रतनलाल, विराटनगर से कुलदीप धनखड़, जमवारामगढ़ से महेंद्र मीणा, किशनगढ़बास से रामहेत यादव, बहरोड़ से जसवंत यादव, राजगढ़ से बलराम, कठूमर से रमेश खींची, कामां से नौक्षम चौधरी, नदबई से जगत सिंह, बयाना से बच्चूसिंह, बसेड़ी से सुखराम, करौली से दर्शन सिंह, महवा से राजेंद्र मीणा को टिकट मिला है।

0 Response to "Rajasthan Polls 2023: भाजपा की तीसरी लिस्ट में भी वसुंधरा खेमे का दबदबा, 58 उम्मीदवारों में सात महिलाएं भी शामिल"
एक टिप्पणी भेजें