नकबजनी गैंग का सरगना गिरफ्तार
मंगलवार, 19 दिसंबर 2023
Comment
नवंबर महीने में कृषि मंडी की दुकानों में की थी चोरी,
आरोपी ने जिला टोंक, केकड़ी व भीलवाड़ा क्षेत्र में भी वारदातों को दिया था अंजाम
(भागचंद कौशिक)
निवाई। स्थानीय थाना पुलिस ने नकबजनी गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। सरगना अपने नाम से नकबजनी गिरोह चलाता है और गिरोह में उसने नामी नकबजनों व हिस्ट्रीशीटरों को शामिल कर रखा है। थाना अधिकारी हरिपाल सिंह ने बताया कि गैंग ने निवाई कृषि मंडी में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद टोंक, केकड़ी व भीलवाड़ा जिलों में भी नकबजनी की वारदातें की हैं। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार थाना क्षेत्र में अपराधियों की धर पकड़ अभियान के तहत सोमवार को आरोपी इमरान पुत्र इस्लाम शाह फकीर उम्र 21 वर्ष निवासी बघेरा रोड, भट्टा कॉलोनी, विनायक नगर केकड़ी को गिरफ्तार किया है। थाना अधिकारी सिंह ने बताया कि कृषि मंडी में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों को पकडऩे के लिए एक टीम का गठन किया गया। टीम में थानाधिकारी सहित हेड कांस्टेबल गजराज सिंह, नीरज शर्मा, कांस्टेबल धर्मराज चौधरी, राधाकिशन यादव, हेमराज व गजेंद्र सिंह की टीम ने तकनीकी माध्यम एवं सीसीटीवी फुटेज के साथ ही अन्य स्रोतों से जानकारी उपलब्ध की। इसके आधार पर कई जगह दबिश दी। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर को कृषि मंडी की सात दुकानों में ताला तोडक़र अलमारी से नकदी चुराने का दुकानदारों ने मामला दर्ज करवाया था। चोरी की वारदाते होने से कृषि उपजमंडी के व्यापारियों में भारी आक्रोश था। इन वारदातों को लेकर व्यापारियों ने मंडी परिसर में प्रदर्शन किया एवं चोरी के विरोध में मंडी व्यापार को बंद करके उपखंड अधिकारी को वारदातों का खुलासा करवाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने यह भी बताया कि शेष रहे आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अन्य वारदातों के खुलासे के लिए गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

0 Response to "नकबजनी गैंग का सरगना गिरफ्तार"
एक टिप्पणी भेजें