जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत डारडा हिंद एवं लांबा में की जनसुनवाई
गुरुवार, 11 जनवरी 2024
Comment
टोंक | जिला कलेक्टर डॉ. सौम्या झा ने बुधवार को पंचायत समिति टोंक की ग्राम पंचायत डारडा हिंद एवं लांबा में जनसुनवाई की। जनसुनवाई में लोगों की समस्याओं को सुनकर जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को कहा कि वे समस्याएं जो ग्राम पंचायत, उपखंड एवं जिला स्तर से निस्तारित किया जाना संभव है उनका निस्तारण त्वरित गति से किया जाएगा। वे समस्याएं जिनका निराकरण राज्य स्तर से किया जाना संभव है उनका समाधान करने के उचित प्रयास किये जाएंगे।
जिला कलेक्टर को डारडा हिंद के ग्राम वासियों ने पेयजल, चारागाह भूमि पर अतिक्रमण, ग्राम पंचायत में साफ-सफाई को लेकर अपनी समस्याएं बताई। जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत में स्वच्छता को लेकर विकास अधिकारी संजय शर्मा को घर-घर कचरा संग्रहण के लिए ई-रिक्शा वाहन चलवाने के निर्देश दिए। इसमें ग्रामीणों का भी सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने पटवारी धर्मराज चौधरी को निर्देश दिए कि वह अपने कार्यालय के बाहर पंचायत में रहने के कार्य दिवस एवं समय को स्पष्ट रूप से लिखे।
ग्राम लांबा में जनसुनवाई के दौरान पशुपालन विभाग से कोई अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहने पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने पशुओं का टीकाकरण समय पर नहीं होने की शिकायत की। जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत पटवारी से नामांतरण को लेकर कोई पैंडेंसी नहीं रखने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने चारागाह पर अतिक्रमण एवं पेयजल समस्याओं के बारे में बताया। इस दौरान तहसीलदार रामधन गुर्जर भी मौजूद रहे।

0 Response to "जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत डारडा हिंद एवं लांबा में की जनसुनवाई"
एक टिप्पणी भेजें