Advertisement

 केंद्रीय संचार ब्यूरो की विकसित भारत प्रदर्शनी का टोंक में समापन

केंद्रीय संचार ब्यूरो की विकसित भारत प्रदर्शनी का टोंक में समापन



टोंक। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोठी नातमाम में केन्द्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय जयपुर की ओर से आयोजित की जा रही विकसित भारत प्रदर्शनी का समापन शुक्रवार को हुआ। इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता ने कहा कि इस समय दुनिया में सबसे ज्यादा युवा भारत में हैं, ये युवा ही वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में रूपांतरित करने की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री ने युवाओं के सामने एक बड़ा लक्ष्य रखा है कि स्वामी विवेकानंद की शिक्षा के अनुरूप इस देश के युवा विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने तक रूकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस देश के हर व्यक्ति तक विकास की धारा पहुँचाना चाहती है। इसके लिए प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, खाद्यान्न सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जीवन बीमा योजना जैसी अनेक योजनाएं चलाकर गाँव-ढाणी के सभी लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुँचाया जा रहा है। आज देश के सभी गाँवों को न सिर्फ  सडक़ से जोड़ा गया है, बल्कि हर घर तक बिजली और नल के माध्यम से पानी पहुँचाने का काम भी हो रहा है। इससे पूर्व स्वामी विवेकानंद जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एक रैली का आयोजन भी किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से नाशिक (महाराष्ट्र) में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया। प्रदर्शनी के तीसरे दिन विभिन्न संस्थाओं एवं विद्यालयों के विद्यार्थियों के अलावा बड़ी संख्या में महिलाओं एवं आमजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी हासिल की तथा कार्यक्रम में आयोजित की गई प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया। विजेता प्रतिभागियों को अतिथियों के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभाग के पंजीकृत दल लोक कला एवं मानव सेवा संस्थान की ओर से भवाई व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य शंकर शंभू गोगवाल, विवेकानंद शिक्षण समिति के  रमेश काला, भारत विकास परिषद के अशोक कासलीवाल, हितेश कुमार, राधेश्याम शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार शर्मा, एनसीसी के एएनओ वेणीप्रसाद सोनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित थे। प्रदर्शनी स्थल पर डाक विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला व बाल विकास विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, राजीविका आदि विभागों के स्टाल भी लगाए गए थे।

0 Response to " केंद्रीय संचार ब्यूरो की विकसित भारत प्रदर्शनी का टोंक में समापन"

एक टिप्पणी भेजें

ADVERTISEMENT

advertising articles 2

Advertise under the article

DMCA.com Protection Status