आप’ नेता बोले- हम राजनीति बदलने आए हैं
कहा- प्रदेश के हर संभाग में केजरीवाल करेंगे दौरा, डेढ़ महीने में गांव तक पहुंचेगा संगठन
कोटा | आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री व राज्यसभा सांसद संदीप पाठक ने कोटा सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा जनता ने बीजेपी व कांग्रेस बारी बारी से मौका दिया है। हमें लगता है जनता इन दोनों पार्टियों से त्रस्त हो चुकी है। दोनों पार्टियों में अंदरूनी लड़ाई चल रही है। इनको जनता से मतलब नहीं है। इसलिए आप पार्टी राजस्थान में चुनाव लड़ेगी। जनता के मुद्दे को हल करने हैं। राजस्थान में आप की सरकार बनानी है। हमारी लड़ाई कांग्रेस या भाजपा से नहीं है। हमें किसी एक पार्टी को टारगेट नहीं करना।
उन्होंने कहा- ओल्ड पेंशन स्कीम को लेकर पंजाब में हमारी सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। प्रजातंत्र में जनता की मांग सर्वोपरि होती है। इतने सारे लोग एक साथ मांग कर रहे हैं तो जनता के साथ जाना चाहिए। केंद्र सरकार तो पहले ओपीएस को मंजूर नहीं कर रही थी। समय आते-आते उनको समझ आएगा। प्रजातंत्र में इतने सारे लोग अगर किसी एक चीज की डिमांड कर रहे हैं,तो उसको गंभीरता से लेना चाहिए। उसे मजाक में या हवा में नहीं उड़ाना चाहिए।
संदीप पाठक ने कहा- हम अपनी क्षमता के अनुसार एक एक कदम आगे बढ़ाते जा रहे हैं। अब हमें अनुभव हो गया है। किस तरह स्टेट में जाकर चुनाव लड़ा जाता है। पहले हमें उतना अनुभव नहीं था। हमने दिल्ली, पंजाब में किया। गुजरात, हिमाचल उत्तराखंड व गोवा में चुनाव लड़ा। कहीं नतीजे अच्छे हैं। कहीं नतीजे ठीक नहीं आए। 10 सालों में हमने बहुत कुछ सीखा है। अब राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। अब पूरे देश में जा रहे हैं। राजस्थान में अगले एक डेढ़ महीने के अंदर गांव में आम आदमी पार्टी का संगठन पहुंच जाएगा।
इस बार पूरी ताकत से राजस्थान में चुनाव लड़ेंगे संगठन बनाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आने वाले समय में सारे संभाग में अरविंद केजरीवाल का दौरा होगा। हम राजनीति करने नहीं आए। राजनीति बदलने आए हैं। केजरीवाल के कामों को देखकर अन्य राज्य बदल रहे हैं तो ये अच्छे संकेत है।
पाठक ने कहा कि अच्छी बात है कि अब योजनाओं के ऊपर डिस्कशन होने लगा है। पहले पूरी राजनीति जात पात, गुंडागर्दी के आधार पर होती थी। आज केजरीवाल मॉडल को देखकर कर, योजनाओं व मुद्दों को समझकर लोगों को समझ में आ गया है कि अब राजनीति तो मुद्दों की करनी पड़ेगी।

0 Response to " आप’ नेता बोले- हम राजनीति बदलने आए हैं"
एक टिप्पणी भेजें