CM गहलोत और पायलट भी होंगे शामिल
कांग्रेस का संभाग स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन 31 को, चारों जिलों के कांग्रेसी आएंगे
अजमेर | अजमेर के जवाहर स्कूल में 31 मार्च को कांग्रेस का संभाग स्तरीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित होगा। प्रोग्राम में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई नेता शामिल होंगे। बुधवार को आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ के द्वारा इसकी जानकारी दी गई।
राठौड़ ने सचिन पायलट के आने के सवाल पर कहा कि यह संभाग स्तरीय कार्यक्रम है, इसमें कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों सहित कांग्रेस के बैनर तले चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों को आमंत्रित किया गया है। टोंक जिला अजमेर संभाग में आता है, इसलिए सचिन पायलट सहित सभी पदाधिकारी शिरकत करेंगे।
बुधवार को आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेंद्र राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं के साथ संभाग स्तरीय सम्मेलन को लेकर प्रेस वार्ता में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अलोकतांत्रिक नीतियों के खिलाफ कांग्रेस लड़ाई लड़ रही है। इसका नतीजा यह रहा कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द कर दी गई और उन्हें तुरंत बंगला खाली करने का आदेश जारी कर अपमानित किया जा रहा है। राठौड़ ने कहा कि राहुल गांधी के पिता स्वर्गीय राजीव गांधी और दादी स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने देश के लिए शहादत दी है। शहीदों के परिजनों को इस तरह से प्रताड़ित करना देश के आमजन की भावनाओं को आहत करना है।
राठौड़ ने कहा कि भाजपा की अलोकतांत्रिक नीतियों के खिलाफ कांग्रेसी हर संभव लड़ाई लड़ेंगे और अगर मौका आया तो राजस्थान में देश का सबसे बड़ा जेल भरो आंदोलन भी किया जाएगा। राठौड़ ने बताया कि जवाहर स्कूल में 31 मार्च को आयोजित संभाग स्तरीय पदाधिकारी व कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा कार्यकर्ताओं से बातचीत कर केंद्र के खिलाफ लड़ाई की रणनीति तय करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में हर स्तर पर मजबूती और रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया जारी है। निराश कांग्रेसियों से नेता बातचीत कर रहे उन्हें संतुष्ट कर रहे हैं। संवाद सम्मेलन में 8 से 10 हजार कांग्रेसी शिरकत करेंगे।

0 Response to " CM गहलोत और पायलट भी होंगे शामिल"
एक टिप्पणी भेजें