छप्परपोश में आग से 3 भैंसे जिंदा जलीं, एक झुलसी
बिजली के तारों में स्पार्किंग से लगी आग, 4 लाख रुपए का हुआ नुकसान
सवाई माधोपुर | बिजली के झूलते तारों में स्पार्किंग से एक छप्परपोश मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान आग की तेज लपटों को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, मगर तब तक ओमप्रकाश पुत्र रामकरण मीणा के छप्परपोश में बंधी 3 भैंस जिंदा जल गई। वहीं एक भैंस गंभीर झुलस गई। छप्परपोश में रखा मवेशियों का चारा जलकर राख हो गया। मौके पर पहुंची सरपंच राजबाई मीणा व तहसीलदार जीआर बैरवा ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। घटना मलारना डूंगर उपखंड के कीरतपुरा गांव में शुक्रवार दोपहर की है।
सरपंच राजबाई मीणा ने बताया कि कीरतपुरा गांव की आबादी के पास ही ओमप्रकाश का बाड़ा है। बाड़े में बिजली के तारों से स्पार्किंग के बाद आग लग गई। तेज हवाओं के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इस दौरान ओमप्रकाश मीणा का छप्परपोश आग की भेंट चढ गया। ओमप्रकाश मीणा के मुताबिक आगजनी में करीब चार लाख रुपए का नुकसान हुआ है। ओमप्रकाश का कहना है कि उसका जीवन यापन दूध बेचकर ही होता है। इसलिए ओमप्रकाश ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

0 Response to "छप्परपोश में आग से 3 भैंसे जिंदा जलीं, एक झुलसी"
एक टिप्पणी भेजें