हत्या के 3 आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्टर:- (ओपी शर्मा)
पीपलू | उपखंड क्षेत्र मीणों की ढ़ाणी कुरेड़ी में खेत में भेड़ बकरियां चले जाने के विवाद में हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पीपलू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं। पीपलू पुलिस उपाधीक्षक इन्दु लोदी ने बताया कि 7 अप्रैल शुक्रवार को कुरेड़ी स्थित मीणों की ढ़ाणी में खेत में बकरियां चराने के मामले को लेकर हुई कहासुनी में आरोपियों ने 47 वर्षीय रामलाल मीणा व उसके परिवार पर हमला कर दिया था। जिसमें रामलाल की मौत हो गई थी। थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि जिला अस्पताल में मृतक रामलाल मीणा के पुत्र बिंटू मीणा ने पर्चा बयान दिए थे। बयान में बताया था कि खेत में बकरियां चले जाने की बात को लेकर दोपहर करीब 1.00 बजे पोलूराम, सियाराम, पप्पू पुत्र किशना मीणा वगैरह ने मेरे पिता रामलाल, माता भगवती, भाई लालूराम के साथ मारपीट कर दी जिसमें मेरे पिता रामलाल की मृत्यु हो गई। इस पर मौका कार्रवाई पूर्ण कर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरु किया गया था।
घटनास्थल से जुटाए थे साक्ष्य
थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि 7 अप्रैल को मीणों की ढ़ाणी कुरेड़ी में विवाद में रामलाल मीणा की मृत्यु होने की पुष्टि पर तुरंत घटना स्थल पर पहुंचे। जहां से घटनाक्रम के साक्ष्यों को सुरक्षित रखने एवं बिना विलंब संकलित करने के लिए घटनास्थल की फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी करवाई गई। साथ ही मृतक की पत्नी की मौजूदगी में खून से सनी बजरी, पत्थर को बतौर सबूत एकत्रित कर शील्ड मोहर किया गया। मौका कार्रवाई के बाद सआदत अस्पताल पहुंचकर मोर्चरी में रखे मृतक रामलाल मीणा के शव की भी फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी करवाई तथा पंचायतनामा की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम करवाते हुए शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। साथ ही 5 टीमें गठित कर हत्या कर फरार हुए आरोपियों की तलाश शुरु की गई। जिन्हें 48 घंटे में पुलिस ने गिरफ्तार किए जाने में सफलता हासिल की हैं।
13 के विरूद्ध नामजद मुकदमा दर्ज, 3 गिरफ्तार
मृतक के पुत्र बिंटू मीणा ने 13 जनों के विरूद्ध मारपीट को लेकर नामजद मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस ने इनमें से 3 को गिरफ्तार किया हैं। थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि घटना के मुख्य आरोपी पोलूराम (51), पप्पूलाल (47) पुत्र किशना मीणा, सियाराम (22) पुत्र पोलूराम मीणा निवासी मीणों की ढ़ाणी कुरेड़ी को अलग-अलग स्थानों से डिटेन कर गिरफ्तार किया हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से प्रकरण में गहनता से अनुसंधान कर पूछताछ की जा रही हैं।
आरोपियों का पकडऩे में यह रहे शामिल
पीपलू थानाधिकारी प्रहलाद सहाय, एएसआई जगमोहनसिंह, हैड कांस्टेबल कैलाश, जयनारायण, कांस्टेबल सुरेश, नवदीप, गोरधन, जितेन्द्र, राकेश आदि ने विभिन्न स्थानों पर आरोपियों को पकडऩे को लेकर दबिश देकर गिरफ्तार किया हैं।
मृतक के 6 पुत्र हैं
मृतक रामलाल मीणा भेड़-बकरियां चराकर अपना जीवन यापन करता था। उसके 6 पुत्र हैं। जिसमें सबसे बड़ा पुत्र बिंटू मीणा बीए प्रथम वर्ष का छात्र हैं। मृतक की पत्नी सहित संताने का रो रोकर बुरा हाल हैं। साथ ही पत्नी भाुगति पर 6 पुत्रों के लालन-पालन की जिम्मेदारी आ खड़ी हुई हैं। सभी पुत्र अभी तक पढ़ाई कर रहे हैं। मृतक के पुत्र बिंटू मीणा ने बताया कि खाली खेत में बकरियां चले जाने की छोटी सी बात में पोलूराम ने उसके भाई लालूराम से मारपीट कर दी। मेरे पिता ने दोपहर 1 बजे घर के सामने से जा रहे पोलूराम को लालूराम के साथ की मारपीट का ओलमा दिया तो उसने पिता की गिरेबान पकड़ कर मारपीट कर धमकियां देकर चला गया था। कुछ देर बार पोलूराम, सियाराम, पप्पू सहित परिवार के आधा दर्जन लोग लकडियां, धारधार हथियार लेकर घर पर आ गए तथा पिता के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में सिर में गहरी चोंट आने से टोंक अस्पताल ले जाते समय ही रास्ते में पिता की मौत हो गई थी। मारपीट में बीच बचाव से उसके भी चोंट आने से वह स्वयं भी बेहोश हो गया था।

0 Response to "हत्या के 3 आरोपी गिरफ्तार"
एक टिप्पणी भेजें