Advertisement

नए चेहरों की तलाश में कांग्रेस कर रही टैलेंट हंट

नए चेहरों की तलाश में कांग्रेस कर रही टैलेंट हंट

 


कार्यकर्ताओं नेताओं के लिए इंटरव्यू, पूछा- कैसे पार्टी की विचारधारा लोगों तक पहुंचा पाओगे

कोटा | सुबह ग्यारह बजे से सर्किट हाउस में युवाओं का पहुंचना शुरू हुआ, कमरा नंबर तीन के बाहर लाइन लगने लगी, अंदर इंटरव्यू चल रहे थे। कैंडिडेट अपनाबायोडाटा लेकर अंदर इंटरव्यू देने के लिए एक एक कर जाते रहे। पांच से दस मिनट तक एक कैंडिडेट का इंटरव्यू चला, इसके बाद उन्हें रुक कर इंटरव्यू का परिणाम का इंतजार करने को कहा गया। नजारा ऐसा लग रहा है कि किसी कंपनी में नौकरी के लिए इंटरव्यू चल रहे हो। दरअसल, यह नजारा कांग्रेस पार्टी के संगठन राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रतिभा खोज एवं संवाद यानी टैलेंट हंट का था। जो कोटा में सर्किट हाउस में नजर आया।

इंटरव्यू देने आए कैंडिडेट कांग्रेस के पार्षद, पूर्व पार्षद, पंचायती राज के जनप्रतिनिधि थे। इंटरव्यू ले रहे थे। एआईसीसी से पदाधिकारी सचिन नायक, रोशन रायकवार, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सी.बी यादव। दरअसल, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कांग्रेस के प्रमुख संगठन राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की तरफ से कांग्रेस पार्टी, नए चेहरों की तलाश कर रही है जो उर्जावान हो, कांग्रेस की विचारधारा को लोगों तक पहुंचा सके, कांग्रेस के लिए समर्पित होकर काम करते रहे हो और ब्लॉक स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की कमेटियों में जिम्मेदारी ले सके। इसके लिए कोटा सर्किट हाउस में टैलेंट हंट कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया।

सुबह ग्यारह बजे का समय कैंडिडेट को दिया गया था, साढ़े दस बजे से ही कांग्रेस कार्यकर्ता, नेता अपना टैलेंट बताने के लिए इंटरव्यू देने पहुंचने लगे। सर्किट हाउस की पहली मंजिल पर बने कमरा नंबर तीन में सामने कुर्सियों पर एआईसीसी से आए सचिन नायक, रोशन रायकवार, पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सी.बी यादव बैठे थे। इंटरव्यू देने जिला प्रमुख, पंचायत समिति प्रधान, पार्षद, पंचायत समिति सदस्य एवं सरपंच, पूर्व पार्षद, वरिष्ठ कार्यकर्ता पहुंचे। संभाग के झालावाड़,बारां, बूंदी, कोटा जिले के कार्यकर्ता, नेता जनप्रतिनिधि पहुंचे थे। एक एक कर इन्हें अंदर बुलाकर सवाल जवाब किए गए। पहले इन्हें बायोडाटा जैसा फॉर्म दिया गया, जिसे भरकर अंदर इंटरव्यू ले रहे पदाधिकारियों को देकर सवालों के जवाब नेता कार्यकर्ता देते रहे।

फॉर्म में पांच सवाल, अंदर मन टटोला

बायोडाटा कम फॉर्म जो इंटरव्यू के लिए आए कार्यकर्ताओं को दिया गया था, उसमें नाम पते, ब्लॉक के अलावा पांच सवाल पूछे गए थे। इनमें पहला सवाल क्या पंचायती राज-निकाय में जनप्रतिनिधि रहे हैं, हां तो पदनाम और कार्यकाल, दूसरा सवाल में राजनीतिक सामाजिक क्षेत्र में किए गए कामों और उपलब्धियों की जानकारी, तीसरे सवाल में राजनीति में आने का उद्देश्य और चैथे सवाल में कांग्रेस पार्टी को ही चुनने का कारण और आखिरी सवाल में संगठन में किस स्तर की जिम्मेदारी के इच्छुक हैं, पूछे गए थे। इन सवालों के जवाब भरकर कार्यकर्ता अंदर पहुंचे। अंदर इंटरव्यू ले रहे पदाधिकारियों ने उनका मन टटोला। पूछा कि पार्टी की विचारधारा को लोगों तक कैसे पहुंचा सकते हो, पार्टी को मजबूत करने के लिए क्या और किस तरह काम किया जा सकता है। जिम्मेदारी दी जाए तो उसे कैसे पूरा करोगे, अब तक राजनीति में क्या काम किया है। पार्षदों से पूछा कि निगम में जनता के मुद्दे कैसे उठाते हो, महिला पार्षदों से पूछा कि अपनी बात खुद रखती हो या सहयोगी पार्षदों से रखवाते हो। जनता की समस्याएं कैसे दूर करते हो।

कार्यकर्ताओं ने समस्याएं भी बताई, एक कार्यकर्ता बोला-कांग्रेस में सभी नेता


वहीं इंटरव्यू के दौरान कुछ कार्यकर्ता अपने अपने क्षेत्र में आने वाली समस्याएं भी बताने लगे। बूंदी से आए पूर्व सरपंच दलबीर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के लिए आधा जीवन दे दिया, जो बचा है उसमें भी मेहनत कर इसे मजबूत करेंगे। लेकिन धरातल पर सरकार के काम तब दिखेंगे जब योजनाएं लागू हो। सरकार तो आम लोगों के लिए कई निर्णय लेती है लेकिन अधिकारी उन्हें लागू करने में समय लगाते है या अड़ंगा लगाते है। ऐसे में कैसे जनता तक सरकार की उपलब्धियों, पार्टी की विचारधारा को पहुंचा पाऐंगे। कार्यकर्ताओं को भी पावर होनी चाहिए। इंटरव्यू के बाद सभी कार्यकर्ताओं की एक सम्मिलित मीटिंग के दौरान बाहर मौजूद एक कार्यकर्ता ने अजय ने दूसरे से कहा कि कांग्रेस में सभी नेता है, बीजेपी में सभी कार्यकर्ता, यह फर्क आता है। सभी नेता बन जाएंगे तो पार्टी के लिए कौन काम करेगा।

प्रदेश में पचास से ज्यादा युवाओं को करेंगे तैयार, देंगे ट्रेनिंग


एआईसीसी के सचिन नायक ने बताया कि टैलेंट हंट के जरीये संगठन वर्तमान या पूर्व के युवा जनप्रतिनिधियों को चिह्नित किया जा रहा है जिन्हें आने वाले समय में जिला से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी जाएगी। उनकी ग्रूमिंग की जाएगी, जिसमें एआईसीसी के पदाधिकारी और बड़े नेता ट्रेनिंग देंगे ताकि राजीव गांधी पंचायती राज संगठन को मजबूत किया जा सके। इन्हें इसी संगठन में दायित्व दिया जाएगा। संगठन का लक्ष्य है कि कांग्रेस विचारधारा के जनप्रतिनिधियों को पार्टी में अपना मंच मिले और साथ ही जो लड़ाई विकेन्द्रीकरण की लड़ाई कांग्रेस लड रही है वह मजबूती से लड़ी जा सके। जिन लोगों को जोड़ रहे हैं वह जनप्रतिनिधि है जनता से जुडे़ है उनका फायदा चुनावों में भी मिलेगा। चयन के बाद इनके शिविर के जरीये ट्रेनिंग होगी। वहीं आईटी सेल को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे और बीजेपी में यही अंतर है कि हम आईटी सेल के नाम पर कुछ भी गलत जनता तक नही पहुंचा रहे। हालांकि जो कमी हमारे आईटी सेल में है उसे दूर करेंगे।

0 Response to "नए चेहरों की तलाश में कांग्रेस कर रही टैलेंट हंट"

एक टिप्पणी भेजें

ADVERTISEMENT

advertising articles 2

Advertise under the article

DMCA.com Protection Status