कोटा को इंडस्ट्री हब के रूप में करेंगे डेवलप
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा-कोटा में पहले भी इंडस्ट्री के लिए संभावनाएं थी, लोगों के लिए बनेंगे रोजगार के अवसर
कोटा | कोटा को इंडस्ट्री हब के तौर पर विकसित करने की योजना है ताकि कोटा इंडस्ट्री सेक्टर के रूप में भी स्थापित हो सके। इससे रोजगार के नए अवसर मिलेगें। यह बात लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कोटा में इंडस्ट्री की संभावनाएं पहले भी थी और आज भी हैं, लेकिन कुछ अंतराल हुआ। लेकिन अब कोशिश कर रहे हैं कि कोटा में इंडस्ट्री स्थापित हो, और आशा है कि हम इसमें कामयाब भी होंगे ताकि लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
उन्होंने कहा कि हम किस तरह से कोटा बूंदी संसदीय क्षेत्र का विकास कर सकते हैं, इसे लेकर भी काम किया जा रहा है। हमारी कोशिश है कि एक परमानेंट इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हो ताकि रोजगार के नए साधन उपलब्ध हो। कोटा बूंदी एग्रीकल्चर बेस्ड इलाका है, यहां सरसों,गेहूं,सोयाबीन का अच्छा उत्पादन होता है। एग्रीकल्चर क्षेत्र में आधुनिक खेती का उपयोग कर और किसानों के माल को सुरक्षित तरीके से बिके इसे लेकर योजना बनाई जा रही है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कोटा दौरे पर हैं। इस दौरान रविवार को उन्होंने शक्ति नगर स्थित कैंप कार्यालय में लोगों से मुलाकात की। लोग अपनी समस्याएं लेकर उनके पास पहुंचे जिनके समाधान के लिए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सोमवार को सुपोषित मां अभियान का शुभारंभ बूंदी में करेंगे।
स्पीकर बिरला सोमवार को सिलोर रोड स्थित हरियाली रिसोर्ट में दोपहर 12 बजे आयोजित कार्यक्रम में बूंदी और तालेड़ा पंचायत समिति क्षेत्र के वंचित और अभावग्रस्त वर्ग की गर्भवती महिलाओं को पोषण किट भेंट करेंगे। इसके बाद नौ माह तक इन महिलाओं को पोषण किट उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा इन महिलाओं की नियमित सेहत जांच भी की जाएगी तथा उनका सेहत कार्ड भी बनाया जाएगा। इन महिलाओं को शिशु के टीकाकरण का भी फॉलोअप किया जाएगा।

0 Response to "कोटा को इंडस्ट्री हब के रूप में करेंगे डेवलप"
एक टिप्पणी भेजें