Advertisement

चुनाव से पहले होंगे ग्रेड थर्ड टीचर के ट्रांसफर

चुनाव से पहले होंगे ग्रेड थर्ड टीचर के ट्रांसफर


 आज कैबिनेट बैठक में हो सकती है चर्चा, ट्रांसफर से हट सकता है बैन

जयपुर | राजस्थान में पिछले 7 साल से ट्रांसफर का इंतजार कर रहे ग्रेड थर्ड टीचर्स को जल्द राहत मिल सकती है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में आज होने वाली कैबिनेट बैठक में नई ट्रांसफर पॉलिसी पर चर्चा की जाएगी। ऐसे में माना जा रहा है कि चुनावी साल में तबादलों से बैन हटने के बाद जुलाई तक टीचर्स के ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।

शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने बताया- ट्रांसफर पॉलिसी तैयार कर कार्मिक विभाग को भेजी जा चुकी है। पॉलिसी पर कुछ आपत्ति आई थी, उनमें भी संशोधन कर दिया गया है। ऐसे में अब मुख्यमंत्री से स्वीकृति मिलने के बाद जैसे ही तबादलों से बैन हटेगा ग्रेड थर्ड के भी ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा- हमने देशभर की ट्रांसफर पॉलिसी का अध्ययन कर नई पॉलिसी तैयार की है। इसमें शुरुआती फेज में शारीरिक रूप से हैंडीकैप और महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद टीचर्स की समस्याओं और सहूलियत को ध्यान रखते हुए उनका ट्रांसफर किया जाएगा।

पिछले साल 30 दिसंबर को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की सीएम और मंत्रियों के साथ हुई फीडबैक बैठक में थर्ड ग्रेड टीचर्स के तबादले करने पर सहमति बनी थी।

बैठक में सीएम अशोक गहलोत ने मंत्रियों के सुझाव आने के बाद शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला से तबादले करने को कहा था। गहलोत ने शिक्षा मंत्री से कहा कि जब सर्वसम्मति है, तो ये ट्रांसफर होने चाहिए और पहले की तरह ही हों।

वहीं, रंधावा ने शिक्षक तबादलों के लिए किसी भी तरह की नई पॉलिसी नहीं लाने का सुझाव भी दिया था। बैठक के 3 महीने से ज्यादा का वक्त बीत जाने के बाद भी अब तक ग्रेड थर्ड टीचर्स का ट्रांसफर नहीं हो पाया है। ऐसे में टीचर्स के साथ अब विधायक भी चुनावी साल में ट्रांसफर की मांग करने लगे हैं।


12 सालों में केवल 2 बार हुए ट्रांसफर


राजस्थान में ग्रेड थर्ड टीचर्स का ट्रांसफर पिछले 12 साल में सिर्फ दो बार हुए हैं। साल 2010 में कांग्रेस सरकार ने जबकि 2018 में बीजेपी सरकार ग्रेड थर्ड टीचर्स के ट्रांसफर कर चुकी है।


वहीं, राजस्थान में पिछले साल अगस्त महीने में शाला दर्पण पर टीचर्स से ट्रांसफर के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। इसमें प्रदेश के 2.25 लाख टीचर्स में से 85 हजार ने अपने गृह जिले में आने के लिए आवेदन किया था। वहीं, ट्रांसफर पॉलिसी में फिर से बदलाव की तैयारी शुरू कर रहे शिक्षा विभाग के खिलाफ अब ग्रेड थर्ड टीचर्स ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है।

बता दें कि आज सुबह 11.45 बजे सीएमआर में कैबिनेट बैठक होगी। इसके साथ ही दोपहर 12.30 बजे मंत्रिपरिषद की भी बैठक होगी। इसमें मुख्य तौर पर 24 अप्रैल से शुरू होने वाले महंगाई राहत शिविरों के कार्यक्रम और पूरे प्रारूप का अनुमोदन होगा। इसमें मंत्रियों की भूमिका और जिम्मेदारी तय हो सकती है।

इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा!

ग्रेड थर्ड ट्रांसफर और सभी विभागों में ट्रांसफर के लिए कुछ समय के लिए छूट पर चर्चा हो सकती है।

अगले कुछ दिनों के लिए विधानसभा सत्र बुलाने को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

सत्र हुआ तो इसमें रखे जाने वाले बिलों को लेकर विचार होगा।

खेल यूनिवर्सिटी सहित कुछ विश्वविद्यालयों के गठन के लिए बिल रखे जा सकते हैं।

इन बिलों को सदन में रखे जाने के निर्णय का अनुमोदन हो सकता।

जवाबदेही बिल को लेकर भी चर्चा प्रस्तावित है।

कोविड के बढ़ते मामलों को लेकर भी कैबिनेट में चर्चा प्रस्तावित है।

राज्य भर में फिर से कोविड प्रोटोकॉल लागू करने सहित अन्य उपाय करने को लेकर मंथन होगा।

सेवा नियमों में संशोधन सहित अन्य पेंडिंग प्रकरणों को लेकर विचार हो सकता है।

उद्योगों को कस्टमाइज पैकेज के तहत देय छूट का अनुमोदन हो सकता है।

रामलुभाया कमेटी की रिपोर्ट पर चर्चा कि जाएगी।

राजस्थान में फसलों के हाल ही में हुए खराबे के बाद विशेष गिरदावरी हुई, इसे लेकर चर्चा प्रस्तावित है।


0 Response to "चुनाव से पहले होंगे ग्रेड थर्ड टीचर के ट्रांसफर"

एक टिप्पणी भेजें

ADVERTISEMENT

advertising articles 2

Advertise under the article

DMCA.com Protection Status