श्यामोता में भैरू बाबा क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य बोलीं- प्रतियोगिताओं में प्रतिभाएं खेल कौशल निखारें
सवाई माधोपुर | सवाई माधोपुर के श्यामोता गांव में भैरू बाबा क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आशा मीणा व विशिष्ट अतिथि निंदडदा पूर्व सरपंच रचना मीणा व डायरेक्टर मनराज मीणा रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में आयोजकों की ओर से अतिथियों का माला व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए कार्यक्रम की मुख्य अतिथि आशा मीणा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं को एक प्लेटफार्म उपलब्ध कराती है। इनमें खेल प्रतिभाएं खेल कौशल का प्रदर्शन कर अपने करियर को संवार सकती है। गांव में छोटे प्लेटफार्म पर आयोजित ऐसी खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से ही स्थानीय खेल प्रतिभाओं को बेहतर खेल - कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। ग्रामीण प्रतिभाओं को ग्रामीण स्तर पर छोटे प्लेटफार्म पर अपने हुनर को निखारना चाहिए। जिससे वह जिला, प्रदेश व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपने खेल और कौशल का प्रदर्शन करें। इससे अपने परिवार व गांव का ही नहीं बल्कि जिले का भी नाम रोशन होगा। उन्होंने कहा कि खेल में हार जीत तो होती रहती है , लेकिन हार से निराश नहीं होना चाहिए। निरंतर कठिन परिश्रम करने से एक ना एक दिन सफलता जरूर मिलती है।
समारोह में संबोधन के बाद मुख्य अतिथि ने शॉट खेल कर क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में उद्घाटन मैच भारजा नदी व आटूंन कला के बीच खेला गया। आयोजन समिति से जुड़े परशुराम मीणा ने बताया कि प्रतियोगिता में विजेता टीम को 21000 व उपविजेता टीम को 11000 रुपए नगद पुरस्कार दिया जाएगा । इस दौरान समारोह में आसपास के गांव से आए ग्रामीणों की काफी भीड़ मौजूद रही।

0 Response to "श्यामोता में भैरू बाबा क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ"
एक टिप्पणी भेजें