Advertisement

 सरपंच नेतृत्व कार्यशाला का हुआ आयोजन, महिला जनप्रतिनिधियों ने सीखा नेतृत्व गुण

सरपंच नेतृत्व कार्यशाला का हुआ आयोजन, महिला जनप्रतिनिधियों ने सीखा नेतृत्व गुण



निवाई | द हंगर प्रोजेक्ट की ओर से छह दिवसीय महिला सरपंच नेतृत्व कार्यशाला का आयोजन जयपुर में किया गया। इस कार्यशाला में सिरोही जिले के पिंडवाडा ब्लॉक, राजसमंद जिले के खमनोर ब्लॉक, भीलवाडा जिले के सहाडा ब्लॉक, जयपुर जिले के कोटखावदा ब्लॉक, बारां जिले के शाहाबाद ब्लॉक व टोंक जिले के निवाई ब्लॉक की 28 महिला सरपंचों ने भाग लिया। कार्यशाला में सभी महिला जनप्रतिनिधियों ने अपने कार्यकाल के पिछले चार वर्ष में किए गए कार्यानुभवों को साझा किया एवं अपने द्वारा किए गए कार्यों के दौरान आई चुनौतियों के बारे में प्रकाश डाला। साथ ही अपने कार्यकाल के बचे हुए अगले एक साल में छाप छोडने वाले कार्यों को जीपीडीपी में जोडने की योजना बनाई। कार्यशाला में आई इन महिला जनप्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले चार साल में उन्होंने अपनी पंचायतों की तस्वीर को बदलने में कडा संघर्ष किया। महिला जनप्रतिनिधियों ने अपने अनुभवों को बताते हुए कहा कि वे अपनी-अपनी पंचायतों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आंगनबाडी व पंचायतीराज से संबंधित मुद्दों को उठा रही हैं। आत्मविश्वास और कानून और प्रशासनिक सूझ-बूझ से पंचायत में कई बदलाव किए हैं। इन महिला सरपंचों ने काम करके दिखा दिया कि वह पुरुषों से कम नहीं है। अपने फैसले अब खुद लेती हैं और लीक से हटकर काम करना चाहती हैं। लडकियों के हक की आवाज बन रही हैं। पिछले 4 वर्षों में अपनी पंचायतों में किए गए कार्यों ने इन्हें एक अलग पहचान दी है। द हंगर प्रोजेक्ट के राजस्थान प्रभारी विरेंद्र श्रीमाली ने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरपंच महिला जनप्रतिनिधियों का ऊर्जावान व गतिशीलता करना था। ताकि वे अपने नेतृत्व से अपने 5 वें साल के चुनावी कार्यकाल में कुछ आम-खास विकास करते हुए सफलता से अपने कार्यकाल को पूर्णता प्रदान कर सकें। साथ ही अपनी ग्राम पंचायत के त्रि-स्तरीय से अपने कार्यकाल से को पूर्णता प्रदान करें। कार्यशाला में ग्राम विकास नियोजन के तहत सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए पंचायत स्तरीय 9 संकल्प यथा गरीबी मुक्त एवं आजीविका युक्त पंचायत, स्वस्थ्य पंचायत, बाल हितैषी पंचायत, पर्याप्त जल संसाधन युक्त पंचायत, स्वच्छ एवं हरित पंचायत, ढांचागत आत्मनिर्भर पंचायत, सामाजिक सुरक्षित एवं न्याय पूर्ण पंचायतए सुशासन युक्त पंचायत, महिला हितैषी पंचायत के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इसके साथ ग्राम पंचायत विकास नियोजन के 10 चरणों यथा जीपीडीपी सहयोग की संरचना, वातावरण निर्माण एवं सामुदायिक गतिशीलता, स्थिति विश्लेषण, दूरदृष्टि, सपना, विजन, रिसोर्स, नवलोप, आय के स्त्रोत, योजना विकास, नियोजित गतिविधियों का प्राथमिकी करण, विशेष ग्राम सभा में स्वीकृति, तैयारी योजना को ई-ग्राम स्वराज पर अपलोड, योजना का कार्यान्वयन, निगरानी एवं प्रभाव विश्लेषण तथा पंचायत की भूमिका पर बात की। कार्यशाला के अंत में पंचायत में कार्यों के दौरान आने वाली चुनौतियों के समाधान कर आगे बढने की रणनीति पर विचार विमर्श किया। कार्यशाला में प्रशिक्षक के तौर पर गंगा गुप्ता, विरेंद्र श्रीमाली एवं रेणुका शर्मा व सरपंच संघ अध्यक्ष शीला मीणा ने भागीदारी निभाई।

0 Response to " सरपंच नेतृत्व कार्यशाला का हुआ आयोजन, महिला जनप्रतिनिधियों ने सीखा नेतृत्व गुण"

एक टिप्पणी भेजें

ADVERTISEMENT

advertising articles 2

Advertise under the article

DMCA.com Protection Status