कनिष्ठ लिपिक के पद पर पदोन्नत हुई जिले की पहली महिला अल्पसंख्यक कर्मचारी सिराजुन्निसा
जिला कलेक्टर ने कनिष्ठ लिपिक के पद पर पदोन्नत कर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया
टोंक। कलेक्ट्रेट कार्यालय में सहायक कर्मचारी के पद पर कार्यरत टोंक जिले की पहली महिला अल्पसंख्यक कर्मचारी सिराजुन्निसा कनिष्ठ लिपिक के पद पर पदोन्नत हुई है। विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की गठित बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. ओमप्रकाश बैरवा ने जिले की पहली महिला अल्पसंख्यक कर्मचारी सिराजुन्निसा को पदोन्नत कर कनिष्ठ लिपिक के पद का अमूल्य उपहार देकर जिले में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया है।
गत दिनों आयोजित हुई थी विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक
गौरतलब है कि जिला कलेक्टर डॉ. ओमप्रकाश बैरवा की अध्यक्षता में गठित विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक गत दिनों आयोजित हुई थी। बैठक में जिला कलेक्टर डॉ. बैरवा ने इतिहास रचते हुए पहली बार 52 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को एक साथ विभागीय पदोन्नति प्रदान की थी। डॉ. बैरवा द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदोन्नत करने की पहल पर कलेक्ट्रेट कार्यालय के इतिहास में पहली बार सर्वाधिक पदोन्नति का रिकार्ड कायम हुआ है।
कलेक्ट्रेट कार्यालय के तकनीकी कर्मचारी अध्यक्ष बैरवा ने जताया आभार
कलेक्ट्रेट में कार्यरत अल्पसंख्यक वर्ग की सहायक कर्मचारी सिराजुन्निसा को जिला कलेक्टर की ओर से कनिष्ठ लिपिक पद का अमूल्य उपहार देने पर कलेक्ट्रेट कार्यालय के तकनीकी कर्मचारी अध्यक्ष राजेंद्र कुमार बैरवा एवं उनकी टीम के अन्य पदाधिकारियों ने समस्त कलेट्रेट परिवार की ओर से जिला कलेक्टर का आभार व्यक्त करते हुए उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की है।
कर्मचारी सिराजुन्निसा ने कलेक्टर की पहल को मातृशक्ति का प्रतीक बताया
कर्मचारी सिराजुन्निसा ने विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) को उनके जीवन एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय का स्वर्णिम पल करार देते हुए कहा कि उनके जीवन के इस स्वर्णिम पल के असली हकदार कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यरत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी हैं। सिराजुन्निसा ने कलेक्टर द्वारा डीपीसी की पहल को मातृशक्ति का प्रतीक बताया। साथ ही जिला कलेक्टर का आभार जताते हुए कहा कि पदोन्नत होने से उनमें नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि वह अपने नवीन पद पर एक नई उर्जा के साथ उच्चाधिकारियों के निर्देश पर अपने दायित्यों का निर्वहन करती रहेंगी। सिराजुन्निसा ने कहा कि कलेक्टर महोदय के उच्च विचार एवं उनका मार्गदर्शन मुझे अपने जीवन में आगे बढऩे के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा।

0 Response to "कनिष्ठ लिपिक के पद पर पदोन्नत हुई जिले की पहली महिला अल्पसंख्यक कर्मचारी सिराजुन्निसा"
एक टिप्पणी भेजें