रणथम्भौर रोड प्रवेश द्वार नामकरण पर भाजपा करेगी आंदोलन
दो नामों पर भाजपा को आपत्ति, एक मार्च को पार्टी करेगी विरोध-प्रदर्शन
सवाई माधोपुर | सवाई माधोपुर के मुख्य पांच मार्गों पर नगर परिषद के बनवाए जा रहे प्रवेश द्वारों के नामकरण को लेकर भाजपा व कांग्रेस के बीच तकरार जारी है। इसी बीच गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील दीक्षित ने बताया कि रणथम्भौर रोड के प्रवेश द्वार का नाम दिवंगत कांग्रेसी नेता डॉ. अबरार अहमद के नाम पर करने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी कड़ी में भाजपा एक मार्च को विरोध-प्रदर्शन करेगी।
दीक्षित ने यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि सवाई माधोपुर नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड है। यहां कांग्रेस का ही सभापति है। जिसके चलते कांग्रेस बोर्ड ने स्थानीय विधायक दानिश अबरार के दबाव में नगर परिषद के बनाए जा रहे पांच प्रवेश द्वारों का नामकरण किया गया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा को तीन प्रवेश द्वारों (डॉ. भीमराव अंबेडकर, कैप्टन छुट्टनलाल और किरोड़ी सिंह बैंसला) के नामकरण पर कोई आपत्ति नहीं है। मगर अन्य दो प्रवेश द्वारों (भारत जोड़ो और डॉ. अबरार अहमद) के नाम करने पर गहरी आपत्ति है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय विधायक के दबाव में नगर परिषद ने रणथंभौर रोड स्थित प्रवेश द्वार का नामकरण डॉक्टर अबरार अहमद प्रवेश द्वार कर दिया है। जो भाजपा सहित स्थानीय निवासी कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, रणथम्भौर रोड त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाला मार्ग है। इस मार्ग से सनातनियों की व गणेश श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। रणथंभौर रोड पर बने प्रवेश द्वार का नाम श्री त्रिनेत्र गणेश प्रवेश द्वार या हम्मीर प्रवेश द्वार होना चाहिये। वहीं भारत जोड़ो प्रवेश द्वार का नाम रणथम्भौर को पहचान दिलाने वाले फतेह सिंह राठौड़ के नाम पर होना चाहिए।
उन्होंने कहा, विधायक को अगर अपने पिता के नाम पर प्रवेश द्वार का नाम रखना ही है तो किसी अन्य मार्ग पर प्रवेश द्वार बना कर रखें। रणथम्भौर रोड पर बने प्रवेश द्वार का नाम किसी भी कीमत पर भाजपा डॉ. अबरार अहमद के नाम पर स्वीकार नहीं करेगी। अगर कांग्रेस ने रणथंभौर रोड पर बने प्रवेश द्वार का नामकरण त्रिनेत्र गणेश या हम्मीर द्वार नहीं किया तो भाजपा एक मार्च को सड़कों पर उतरेगी और आमजन को साथ लेकर बड़ा आंदोलन करेगी। प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह भाया, सुरेश जैन, नगर परिषद नेता प्रतिपक्ष कपिल जैन, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र शर्मा, पूर्व जिला महामंत्री देवेन्द्र सिंह, भाजपा जिला मंत्री हरिप्रसाद गुप्ता, सुधीर शर्मा सहित तमाम भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

0 Response to "रणथम्भौर रोड प्रवेश द्वार नामकरण पर भाजपा करेगी आंदोलन"
एक टिप्पणी भेजें