पुलिसकर्मियों ने सफाईकर्मी की 3 बेटियों का भरा मायरा
आरती की थाली में 65 हजार रुपए रखे, खुशी से परिजनों की भर आई आंखें
टोंक | टोंक जिले के मेहंदवास पुलिस थाने के स्टाफ ने थाना में सफाईकर्मी की 3 बेटियों की शादी में मायर भरा। पुलिस ने सफाई कर्मी के घर पहुंचे और बारी-बारी से परिवार के सभी लोगों को कपड़े पहनाकर आरती की थाली में सहयोग के रूप में 65 हजार 101 रुपए रखे। ये देखकर सफाईकर्मी के परिजनों और रिश्तेदारों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।
थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि कस्बे के देहलवाल चैक निवासी लादूलाल वाल्मीकि पिछले 30-35 सालों से थाना परिसर की सफाई काम करता है। अक्षय तृतीया पर शनिवार को उसकी तीन बेटियों की शादी थी। बारात टोंक और हथौना गांव से आनी थी। सफाईकर्मी लादू की सादगी व मेहनत को देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों ने उसकी बेटियों की शादी में आर्थिक सहयोग करने के साथ मायरा भरने का फैसला किया। शनिवार को एएसआई सवाईराम चैधरी, हेड कॉन्स्टेबल शिवराज, रामेश्वर समेत छीतरलाल, हरिनारायण, जितेन्द्र, रामराज, मुकेश, रामप्रसाद, हंसराज आदि पुलिसकर्मी लादूलाल के घर पहुंचे और मांगलिक गीतों के बीच तीनों दुल्हनों, माता-पिता, भाई समेत अन्य परिजनों को कपड़े पहनाए। दुल्हनों की मां ने मायरा भरने पहुंचे पुलिसकर्मियों की आरती कर तिलक लगाया और रक्षासूत्र बांधा। इसके बाद सभी पुलिसकर्मियों की ओर से जुटाए गए 65 हजार 101 रुपए सहयोग के रूप में थाली में रखे।

0 Response to "पुलिसकर्मियों ने सफाईकर्मी की 3 बेटियों का भरा मायरा"
एक टिप्पणी भेजें