अवैध वसूली का आरोप, पुलिसकर्मी बोला-मैं ज्यादा स्याणा हूं
वसूली के चक्कर में अभद्रता, गाली गलौज की, लग गया जाम, एंबुलेंस फंसी
कोटा | एक तरफ तो पुलिसकर्मियों को शालीनता से पेश आने की सीख दी जा रही है, दूसरी तरह रात को हाईवे पर पुलिसकर्मी अवैध वसूली के चक्कर में वाहन चालकों से अभद्रता करते नजर आ रहे है। ऐसा ही मामला कोटा में सामने आया है। जिसमें एक पुलिसकर्मी दरा हाईवे पर वाहन चालकों से अभद्रता कर रहा है। आरोप है कि वसूली के चक्कर में उसने प्राइवेट गाड़ियां रूकवा ली और जाम लगवा दिया। गाली गलौज की। इस दौरान एक एम्बुलेंस भी फंस गई।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया है। मामला गुरुवार रात का है जिसका वीडियो सामने आया है। कोटा ग्रामीण जिले के मोडक पुलिस थाना क्षेत्र में यह वाकया हुआ। जहां पुलिसकर्मी सुरेन्द्र गुर्जर लोगों से अभद्रता करता नजर आ रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गुरुवार रात को दरा के पास हाईवे पर जाम लग गया था। जाम के बाद हाईवे की मोबाइल टीम के साथ पुलिसकर्मी सुरेन्द्र गया था। उसने शराब पी रखी थी। आरोप है कि उसने वहां एक वाहन चालक से पांच सौ रुपए मांगे और उसके बाद उसकी गाड़ी जाने की बात कही। वाहन चालक ने उसे 100- 200 रुपए लेने के लिए बात की थी। इस पर वह नाराज हो गया तथा उसने उसे बोला कि ज्यादा स्वाणा मत बन. तेरे से ज्यादा मै स्वाणा हूं। तू मेरे पर एहसान कर रहा है क्या, अभी खड़ा रह और दो घंटे बाद गाड़ी के कागज देखूंगा, दो घंटे देखने में लगाऊंगा उसके बाद जाने दूंगा। पांच घंटे यहीं खड़ा रह। इसके बाद वह अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली गलौज करता है। इसी दौरान जाम में एक एम्बुलेंस फंस गई लेकिन पुलिसकर्मी ने उसे निकलने का रास्ता तक नही दिया।
एम्बुलेंस चालक रॉन्ग साइड से एम्बुलेंस लेकर गया। वीडियो में वाहन चालक पुलिसकर्मी पर 500-500 रुपए वसूली का आरोप भी लगा रहे हैं। वीडियो में दिखाई दे रहा कॉन्स्टेबल सुरेंद्र गुर्जर हाईवे मोबाइल यूनिट में लगा हुआ है। इस पूरे मामले का वीडियो अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर दिया गया। हालांकि इस संबंध में पुलिस का कहना है कि शराब पीकर अभद्रता की बात सामने आ रही है, रूपए मांगने जैसी बात नहीं आ रही। फिर भी मामले में जांच की जाएगी।

0 Response to "अवैध वसूली का आरोप, पुलिसकर्मी बोला-मैं ज्यादा स्याणा हूं"
एक टिप्पणी भेजें