यूगांडा व मोजाम्बिक की पांच दिवसीय यात्रा पर सोमवार को रवाना होंगे विदेश मंत्री, कई नेताओं से करेंगे मुलाकात
नई दिल्ली। अफ्रीकी देशों के साथ अपने रिश्तों को ज्यादा प्रगाढ़ करने में जुटे भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर 10 से 15 अप्रैल, 2023 तक इस क्षेत्र के दो प्रमुख देशों यूगांडा और मोजाम्बिक के दौरे पर होंगे। यात्रा के दौरान भारत की तरफ से इन दोनो देशों को कई तरह की सहायता दिए जाने की घोषणा की जाएगी। इन दोनों देशों के साथ रक्षा सहयोग पर भी बात होगी। अभी कुछ पहले ही भारत ने अफ्रीका के नौ देशों के साथ सैन्य अभ्यास किया था और इसके अलावा अफ्रीकी देशों के सैन्य प्रमुखों के साथ एक अलग बैठक भी की थी।
यूनिवर्सिटी कैंपस का करेंगे उद्घाटन
विदेश मंत्री ने वहां भारत के सहयोग से स्थापित होने वाले नेशनल फोरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी के ट्रांजिट कैंपस का उद्घाटन करेंगे। यह भारत के बाहर इस यूनिवर्सिटी का पहला कैंपस होगा। यूगांडा के कारोबारियों व उद्योगपतियों के एक समूह को भी जयशंकर संबोधित करेंगे। इसके बाद जयशंकर दो दिनों के लिए मोजाम्बिक में होंगे। वहां दोनो देशों के विदेश मंत्रियों की अध्यक्षता में भारत-मोजाम्बिक संयुक्त आयोग की पांचवी बैठक होगी।
भारतीयों से करेंगे मुलाकात
विदेश मंत्री इन दोनो देशों में रहने वाले भारतीयों से अभी अलग से मुलाकात करेंगे। यूगांडा और मोजाम्बिक देश बहुमूल्य धातुओं के लिहाज से भी महत्वपूर्ण हो गये हैं। इन दोनों देशों में वैसे खनिजों का पता चला है जिसे मौजूदा औद्योगिक उत्पादन के लिए आवश्यक माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इलेक्ट्रोनिक उद्योग और इलेक्ट्रिक कारों के लिए जिन खनिजों की जरूरत होती है, उसका एक बड़ा उत्पादनकर्ता देश मोजाम्बिक बन सकता है।
विदेश मंत्रियों से करेंगे द्विपक्षीय वार्ता
विदश मंत्री जयशंकर जब इन दोनों देशों के विदेश मंत्रियों से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे तो इस बारे में बातचीत होने की संभावना है। बताते चलें कि चीन की नजर भी इन दोनो देशों के खनिजों पर काफी पहले से है। वह इन देशों को ना सिर्फ बड़े पैमाने पर मदद पहुंचा रहा है बल्कि चीन की कंपनियां वहां पहले से ही खनन कार्य में लगी हुई हैं।

0 Response to "यूगांडा व मोजाम्बिक की पांच दिवसीय यात्रा पर सोमवार को रवाना होंगे विदेश मंत्री, कई नेताओं से करेंगे मुलाकात"
एक टिप्पणी भेजें