Advertisement

नवाचार कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित योजनावार पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर शत्-प्रतिशत लाभान्वित करें-जिला कलक्टर

नवाचार कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित योजनावार पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर शत्-प्रतिशत लाभान्वित करें-जिला कलक्टर

 कोटा। जिला कलक्टर ओपी बुनकर की अध्यक्षता में जिले में चलाये जा रहे नवाचार कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। जिसमें संबंधित विभागों को नवाचार कार्यक्रमों में सक्रियता से कार्य करते हुए नागरिकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कहा कि नवाचार कार्यक्रमों में सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनावार पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर शत्-प्रतिशत लाभान्वित करना सुनिश्चित करें जिससे नवाचार कार्यक्रमों में जिले को मॉडल रूप में तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि विभागीय लक्ष्यों के अलावा नवाचार में चिन्हित किये गये कार्यक्रमों में यह सुनिश्चित किया जाये कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित नहीं रहे। उन्होंने सिलिकोसिस रोकथाम व जागरूकता के लिए शुरू किये गए नवाचार में पत्थर व्यवसाय में कार्यरत् श्रमिकों में जागरूकता के साथ व्यवसायों को सुरक्षा उपकरणों की पालना के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षेत्रों में संयुक्त रूप से शिविर आयोजित कर जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रभावितों की जांच व सहायता दी जाने का कार्य लगातार जारी रखें।
जिला कलक्टर ने एनीमिया मुक्त कोटा अभियान में चिकित्सा विभाग, शिक्षा एवं महिला अधिकारिता विभाग को समन्वय से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि हर मंगलवार शिविर आयोजित कर किशोरी बालिकाओं को एनीमिया की गोलियां लेने के लिए प्रेरित करें तथा शत्-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिले में सम्पूर्ण टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए प्रत्येक अमावस्या को विशेष शिविर आयोजित करने, टीकाकरण साइटों का चयन करने तथा गोद भराई कार्यक्रम में संयुक्त भागीदारी से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में प्रत्येक ब्लॉकवार प्रसूति महिलाओं के लिए गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें महिलाओं को लाने की जिम्मेदारी महिला बाल विकास की तथा स्वास्थ्य जांच की जिम्मेदारी चिकित्सा विभाग की होगी। प्रशासन द्वारा शिविर में महिलाओं को पोषण किट का वितरण किया जायेगा।
उन्होंने सम्बलन अभियान नवाचार के तहत सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं में सभी पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने, सत्यापन करने के कार्य को निरन्तर गति देने के निर्देश दिए। बैठक में चिकित्सा, शिक्षा, सामाजिक न्याय अधिकारिता, खनिज एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों द्वारा प्रजेंटेशन के माध्यम से नवाचार कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य आयोजना अधिकारी जेपी महावर, सीएमएचओ डॉ. जगदीश सोनी, आरसीएचओ देवेन्द्र झालानी, उप निदेशक महिला बाल विकास ऋचा चतुर्वेदी, उप निदेशक डीओआईटी आरती, उप निदेशक शिक्षा विभाग निर्मला मेहरा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Response to "नवाचार कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित योजनावार पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर शत्-प्रतिशत लाभान्वित करें-जिला कलक्टर"

एक टिप्पणी भेजें

ADVERTISEMENT

advertising articles 2

Advertise under the article

DMCA.com Protection Status