टोंक में भरभराकर गिरा मकान का 40 फीट का छज्जा
लगातार बारिश से नमी के कारण हो गया था कमजोर, मलबे में दबी स्कूटी-बाइक
टोंक | टोंक शहर में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक मकान का छज्जा भरभरा कर गिर गया। गनीमत यह रही कि छज्जे के नीचे कोई नहीं था, जिसके कारण हादसा टल गया। हालांकि इस दौरान वहां खड़ी स्कूटी और बाइक मलबे के नीचे दब गई और क्षतिग्रस्त हो गई। मलबा गिरने की आवाज पर मकान मालिक दौड़कर घर के बाहर आए। सूचना मिलने पर नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मलबा हटाया।
मकान मालिक प्रवीण महावर ने बताया कि मंगलवार को सुबह बच्चे स्कूल गए थे। मैं भी कोर्ट जाने की तैयारी में था। इसी दौरान करीब 40 फीट लंबाई का छज्जा टूट कर धड़ाम से नीचे गिरा। अचानक से धमाके की आवाज आई तो हड़कंप मच गया। लोग भागकर मौके पर आए और देखने लगे कि कोई जनहानि तो नहीं हुई है ना। पता चला कि घटना के समय कोई व्यक्ति वहां नहीं था। हालांकि वहां खड़ी उनकी स्कूटी और पड़ोसी की बाइक मलबे में दब गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मकान मालिक एडवोकेट प्रवीण महावर ने बताया कि पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बरसात के कारण छज्जा कमजोर हो गया था और सुबह भरभरा कर गिर गया। इस बारे में उन्होंने संबंधित पुलिस थाने और प्रशासन को सूचना दी। जानकारी मिलने पर स्थानीय पार्षद हकीकत राय सौदा भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। कोतवाली पुलिस ने भी मौके पर पहुंच कर पर्चा बयान लिया है।

0 Response to "टोंक में भरभराकर गिरा मकान का 40 फीट का छज्जा"
एक टिप्पणी भेजें