एफएसटी टीम ने बैंक से धनराशि निकलवाकर आए व्यापारी को पकडा, आक्रोशित व्यापारियों ने कृषि मंडी गेट पर लगाया ताला, किया प्रदर्शन
मंगलवार, 31 अक्टूबर 2023
Comment
निवाई | चुनाव आचार संहिता की पालना के लिए गठित एफएसटी की टीम ने सोमवार को कृषि उपज मण्डी व्यापारी को किसानों को भुगतान करने के लिए बैंक से राशि निकलवाकर ला रहे व्यापारी को पकड लेने से व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया। आक्रोशित व्यापारियों ने कृषि मंडी के मुख्य गेट पर एकत्रित होकर गेट पर ताला लगा दिया और प्रदर्शन करने लगे। जानकारी के अनुसार कृषि मंडी व्यापारी कोटक महिंद्रा बैंक से 10 लाख व एक्सिस बैंक से 5 लाख की धनराशि निकालकर वापस मंडी आ रहा था। इसी दौरान टीम ने कृषि उपज मंडी के गेट पर व्यापारी को रोक लिया और रकम के बारे में पूछताछ की। इसी दौरान तेल मिल एसोशियशन के अध्यक्ष पारस पहाडी व मंडी व्यापारी शिवप्रकाश पारीक मौके पर पहुंच गए और टीम से बात की। उन्होंने बैंक से उक्त राशि के बारे में सत्यापन भी करवाया। इसके बाद टीम ने राशि व्यापारी को लौटा दी। उक्त मामले की जानकारी मिलते ही कृषि उपज मंडी व्यापारी आक्रोशित हो गए और व्यापार बंद कर दिया। इसके बाद सभी व्यापारी मुख्य द्वार पर एकत्रित हो गए और मंडी गेट पर ताला जड़ दिया। मंडी गेट के ताला लगा दिए जाने से ग्रामीण क्षेत्र से ट्रेक्टर सहित अन्य वाहनों में जिसों को बेचने आए वाहनों की सडक़ मार्ग पर कतार लग गई। जिससे सडक़ मार्ग पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। व्यापारियों के प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही निवाई थाना अधिकारी हरिपाल सिंह जाप्ते सहित घटनास्थल पर पहुंचे व व्यापारियों से वार्ता की। अध्यक्ष ओमप्रकाश चंवरिया ने बताया की मंडी में प्रतिदिन 10 करोड रूपए का व्यापार होता है। प्रतिदिन किसानों को भुगतान करने के लिए व्यापारियों को नकद राशि लानी पडती है। यदि टीम द्वारा इसी प्रकार तंग किया जाएगा तो व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। इधर मंडी गेट के ताला लग दिए जाने से सडक मार्ग पर के दोनों ओर किसानों के वाहनों की एक किमी लंबी कतार लग गई जिससे जाम की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलने पर थानाधिकारी हरिपाल सिंह मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे तक चली वार्ता के बाद थानाधिकारी द्वारा एक कमेटी गठित कर सुचारू रूप से व्यापार चालू करवाया। उन्होंने सभी व्यापारियों से जिंस खरीद पर किसानों को कैश पेमेंट के साथ अपनी फर्म का बिल देने के लिए कहा। वार्ता में केदार खंडेलवाल, सुशील गिन्दोडी, सुरेंद्र बेनीवाल, पिंटू पारीक, दीपक गुप्ता, दिपेश चंवरिया, राजेंद्र चौधरी, रामावतार घाटी, दिलीप बगड़ी, पवन बोहरा, राजु सेदरिया सहित कई व्यापारी मौजूद रहे। ज्ञात रहे कि विधानसभा चुनाव 2023 को लेकर आदर्श चुनाव आचार संहिता की पालना के लिए एफएसटी व पुलिस प्रशासन गठित टीमों द्वारा अवैध मादक एवं हजार रुपए से अधिक राशि पाए जाने पर लगातार कार्यवाही जारी है।

0 Response to " एफएसटी टीम ने बैंक से धनराशि निकलवाकर आए व्यापारी को पकडा, आक्रोशित व्यापारियों ने कृषि मंडी गेट पर लगाया ताला, किया प्रदर्शन"
एक टिप्पणी भेजें