दिल्ली समेत उत्तर भारत में घने कोहरे की मार: 290 उड़ानें प्रभावित तो कई ट्रेनों के थमे पहिए, राजधानी में रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने घने कोहरे से बचाव के लिए चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि आने वाले सप्ताह के लिए सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर घने कोहरा रहेगा। दृश्यता सीमा 199 मीटर से 50 मीटर तक या उससे भी कम हो सकती है। दिल्ली में शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट और 30 दिसंबर के लिए आरेंज जारी किया गया है।
नई दिल्ली। राजधानी समेत पूरा उत्तर भारत लगातार गुरुवार को भी घने कोहरे के आगोश में रहा। इसके साथ चली सर्द हवाओं के कारण बढ़ी ठंड से लोग ठिठुरते रहे। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते रहे तो रेल व विमान सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं।
कोहरे से बचाव के लिए चेतावनी जारी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने घने कोहरे से बचाव के लिए चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि आने वाले सप्ताह के लिए सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर घने कोहरा रहेगा। दृश्यता सीमा 199 मीटर से 50 मीटर तक या उससे भी कम हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शुक्रवार को आंशिक बादल छा सकते हैं।
दिल्ली में शुक्रवार के लिए रेड अलर्ट व 30 दिसंबर के लिए आरेंज और वर्ष के अंतिम व नए वर्ष के पहले दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोहरे के साथ सर्द हवाएं चलने के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। दिल्ली में मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम है।
पंजाब में भी नहीं निकली धूप
पंजाब के अधिकतर जिलों में धूप नहीं निकली। अमृतसर और लुधियाना में दिन और रात के तापमान में मात्र चार डिग्री सेल्सियस का फर्क रहा। लुधियाना के समराला में एक 53 वर्षीय व्यक्ति की बुधवार रात को ठंड के कारण मौत हो गई। पंजाब के अमृतसर में दृश्यता शून्य और पटियाला में 10 मीटर रही। दिल्ली में आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े पांच बजे ²श्यता महज 25 मीटर रही।
कोहरे से 290 उड़ानें प्रभावित
290 उड़ानें प्रभावित हुईं, जिनमें 271 उड़ानों में विलंब रहा, जबकि डेढ़ दर्जन उड़ानों को रद्द करना पड़ा। एक उड़ान को डायवर्ट किया गया। अंतरराष्ट्रीय प्रस्थान से जुड़ी 41 और घरेलू प्रस्थान से जुड़ी करीब 150 उड़ान विलंब की चपेट में आईं। दिल्ली आने वालीं 80 उड़ानें देर से पहुंचीं। एयर इंडिया की गुवाहाटी जाने वाली उड़ान 12, धर्मशाला की उड़ान सात, पोर्टब्लेयर की उड़ान पांच घंटे विलंब से रवाना हुई।
घंटों देरी से रवाना हुईं कई फ्लाइटें
कोलकाता, जम्मू, मुंबई, पटना, श्रीनगर, पुणे, लेह, जयपुर, डिब्रूगढ़, अहमदाबाद सहित अनेक शहरों को जाने वाली उड़ानें घंटों विलंब से रवाना हुईं। पुणे, पोर्टब्लेयर, जयपुर, नागपुर, लखनऊ, प्रयागराज, गोवा, वाराणसी, जयपुर, जम्मू, दीमापुर, गुवाहाटी की उड़ानों को रद भी करना पड़ा। प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट से कोई उड़ान नहीं गई। वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर पूरे दिन विमानों का संचालन ठप रहा।
ट्रेनों के भी थम गए पहिए
ट्रेनों की स्थिति भी यही रही। राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत भी घंटों देरी से चल रही हैं। नई दिल्ली से तिरुवनंतपुरम जाने वाली केरल एक्सप्रेस 12:20 घंटे की देरी से रवाना हुई। दिल्ली से आने वाली नई वंदेभारत 17 घंटे विलंब से प्रयागराज पहुंची। इसे बुधवार रात 9.11 बजे आना था, लेकिन यह दोपहर दो बजे प्रयागराज पहुंची जबकि सवा चार बजे वाराणसी। शिवगंगा एक्सप्रेस नौ घंटे और नई दिल्ली- बनारस सुपरफास्ट एक्सप्रेस सात घंटे की देरी वाराणसी पहुंची।

0 Response to "दिल्ली समेत उत्तर भारत में घने कोहरे की मार: 290 उड़ानें प्रभावित तो कई ट्रेनों के थमे पहिए, राजधानी में रेड अलर्ट जारी "
एक टिप्पणी भेजें