त्यौहार भाईचारे, सौहार्द एवं खुशी के साथ मनाएं-अतिरिक्त जिला कलेक्टर
सुरीला राजस्थान
टोंक। आगामी दिनों में जलझूलनी एकादशी (डोल ग्यारस) एवं अनंत चतुर्दशी के त्योहारों को देखते हुए मेले के आयोजन, विभिन्न समाजों के डोल एवं गणेश विसर्जन की यात्रा कार्यक्रम एवं मार्ग की व्यवस्थाओं, कानून एवं शांति व्यवस्था की दृष्टि से मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर सुरेश चौधरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी लोग त्यौहार भाईचारे, सौहार्द एवं खुशी के साथ मनाएं। उन्होंने नगर परिषद आयुक्त ममता नागर को यात्रा के मार्ग का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। नगर परिषद को सड़कों के गढ्ढों को भरने, डोल एवं गणेश विसर्जन की यात्रा के मार्ग में आने वाले पेड़ों की छटाई करने तथा फायर बिग्रेड की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
एडीएम ने पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार को कहा कि आमजन की सुरक्षा एवं कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुख्य-मुख्य स्थानों पर पुलिस जाब्ता मुस्तैद रहें। एसडीआरएफ की टीमों का गठन कर नाव व गोताखोरों को चतुर्भुज तालाब पर तैनात रखा जाएं। मेला स्थल पर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएं।
बैठक में मोहन लाल गुर्जर ने कहा कि प्रशासन की ओर से मेलों के आयोजन को लेकर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए, ताकि किसी भी समस्या का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि टीबी चिकित्सालय की ओर से आने वाले सड़क मार्ग पर पुलिस का जाब्ता रहे। पूर्व पार्षद अशोक बैरवा ने कहा कि यात्रा मार्ग में आने वाले सड़क के गढ्ढ़ों को सही कराया जाएं। साथ ही, तालाब के आसपास लाईटिंग की उचित व्यवस्था रहे। पंडित पवन सागर ने चतुर्भुज तालाब की साफ-सफाई कराने की बात कही। साथ ही, चतुर्भुज तालाब के घाटों पर बनी सीढ़ियों के चारों तरफ बबूल की झाड़िया उगी हुई है, इसकी कटाई की जाएं, ताकि पूजा अर्चना करने में समस्या ना हो। रोहिताश कुमावत ने कहा कि यात्रा में शामिल भक्तांे के लिए पेयजल की व्यवस्था की जाएं। सुरेश दुबे ने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा यात्रा के मार्ग में आने वाले विद्युत तारों को कसवाया जाएं। साथ ही, रात्रि के समय विद्युत की निर्बाध आपूर्ति करें, ताकि आयोजकों को कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े। बैठक में उपखंड अधिकारी राहुल सैनी, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश गोयल, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता युवराज असीवाल आसिवाल, प्रताप मल बैरवा, तुलसीराम शर्मा, जगदीश प्रसाद साहू, विनोद बैरवा, भगवानदास कुमावत, सुधाश चावला, पवन कुमार महावर, सीताराम शर्मा, कैलाश नामा, संदीप सक्सैना सहित कार्यक्रम आयोजन के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे।

0 Response to "त्यौहार भाईचारे, सौहार्द एवं खुशी के साथ मनाएं-अतिरिक्त जिला कलेक्टर"
एक टिप्पणी भेजें