Advertisement

 प्राइवेट हॉस्पिटल में गर्भवती महिला की मौत पर हंगामा

प्राइवेट हॉस्पिटल में गर्भवती महिला की मौत पर हंगामा



पति ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप, कहा- मरने के बाद किया रेफर

टोंक | टोंक शहर में प्राइवेट अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही के कारण मौत होने का आरोप लगाया और अस्पताल में हंगामा कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली थाना में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने सोमवार को सुबह शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। मृतका के पीहर पक्ष के लोग रोजगार के लिए कर्नाटक गए हुए हैं, ऐसे में उनके आने के इंतजार में शव मॉच्र्युरी में रखा गया है।

बूंदी जिले के देई थाना क्षेत्र के मुरड़िया निवासी हरिमोहन बागरिया ने बताया कि उसकी शादी करीब 7 साल पहले उनियारा थाना क्षेत्र के अल्लापुरा निवासी कौशल्या बागरिया (30) से हुई थी। वह 9 महीने की गर्भवती थी, जिसको शनिवार को टोंक में सवाई माधोपुर रोड पुलिया से मुख्य डाक घर के रास्ते में निजी अस्पताल में दिखाया था। डॉक्टर ने उसकी पत्नी के खून की कमी बताई थी। उस दिन खून का इंतजाम नहीं हुआ तो अल्लापुरा चले गए। रविवार को खून का इंतजाम कर दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल आए, लेकिन डॉक्टर ने करीब 3.30 बजे ब्लड चढ़ाना चालू किया। इसके कुछ देर बाद ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और फिर उसको आईसीयू में ले जाया गया। रात करीब 11 बजे उसे जनाना अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।


हरिमोहन ने बताया कि जब उसकी पत्नी को लेकर जनाना अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर में मृत घोषित कर दिया। प्राइवेट अस्पताल के डॉक्टर ने इलाज में लापरवाही बरती, जिसके कारण उसकी पत्नी की मौत हो गई और उसको मरने के बाद जनाना अस्पताल रेफर कर दिया। रात को मृतका के शव को सआदत अस्पताल की मॉच्र्युरी में रखवाया। सोमवार सुबह जैसे ही कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची तो परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया तो परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए माने। पुलिस ने सुबह करीब 11 बजे पोस्टमॉर्टम कराया। मृतका के पीहर पक्ष के लोग काम के लिए कर्नाटक गए हुए है। उनके आने के इंतजार में शव को सुरक्षित मॉच्र्युरी में रखवाया गया है।


मृतका के 4 और 2 साल की 2 बेटियां

मृतका कौशल्या की शादी करीब 7 साल पहले हुई थी। उसके 4 साल और 2 साल की दो बेटियां हैं। अभी वह तीसरी संतान को जन्म देने वाली थी, लेकिन कुछ दिन बाद वह तीसरी संतान को जन्म देती, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

0 Response to " प्राइवेट हॉस्पिटल में गर्भवती महिला की मौत पर हंगामा"

एक टिप्पणी भेजें

ADVERTISEMENT

advertising articles 2

Advertise under the article

DMCA.com Protection Status