कन्ट्यूनियूस प्रोसेस वाले उद्योगों को पावर कट से मुक्त करने की मांग
मंगलवार, 16 मई 2023
Comment
भीलवाडा । मेवाड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इण्डस्ट्री ने ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी एवं प्रमुख शासन सचिव, ऊर्जा विभाग भास्कर ए सावंत, प्रबंध निदेशक अजमेर विद्युत वितरण निगम को प्रतिवेदन भेजकर दिनांक 12 मई से प्रत्येक मंगलवार को भीलवाडा सर्किल के उद्योगों पर सायं 7 बजे से प्रातः 5 बजे तक 50 प्रतिशत पावर कट का विरोध करते हुए कन्ट्यूनियूस प्रोसेस वाले सारे उद्योगों को पावर कट से मुक्त करने की मांग की है।
मेवाड़ चैम्बर के मानद महासचिव आर के जैन ने बताया कि अजमेर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक ने 12 मई 2023 को आदेश जारी कर कन्ट्यूनियूस प्रोसेस वाले सारे उद्योगों पर एवं केप्टिव पावर प्लान्ट वाले उद्योगों पर अप्रेल 2023 की पीक डिमाण्ड का 50 प्रतिशत पावर कट करने के आदेश जारी किये है। अजमेर डिस्कॉम को 6 भागों में बांटा जाकर भीलवाडा सर्किल में प्रत्येक मंगलवार को यह पावर कट किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि भीलवाडा सर्किल की अधिकतर औद्योगिक इकाईयां यथा जिंक स्मेल्टर, टायर प्लान्ट, टेक्सटाइल उद्योग, सीमेंट उद्योग 24 घण्टे कंटीन्यूअस प्रोसेस से चलती है। पावर कट से पूरी इकाई नहीं चल पाने पर उद्योग का संचालन ही असंभव हो जाता है। विश्वव्यापी मंदी, रुस-यूक्रेन युद्ध एवं अन्य कारणों से विगत एक वर्ष से टेक्सटाइल एवं अन्य उत्पादों के निर्यात में भारी कमी आयी है, इसके कारण औद्योगिक इकाइयों की आर्थिक स्थिति काफी खराब है। ऐसी स्थिति में पावर कट के कारण औद्योगिक इकाइयों को और अधिक आर्थिक नुकसान होगा। उन्होंने ऊर्जा मंत्री एवं संबंधित अधिकारियों से निवेदन किया कि जनवरी 2023 में भी विद्युत आपूर्ति में कमी के समय कंटीन्यूअस प्रोसेस वाले सारे उद्योगों को पावर कट से राहत दी गई थी। तदनुरूप वर्तमान में भी ऐसे उद्योगों को पावर कट से राहत प्रदान की जाए।

0 Response to "कन्ट्यूनियूस प्रोसेस वाले उद्योगों को पावर कट से मुक्त करने की मांग"
एक टिप्पणी भेजें