देवली के सरकारी कार्यालय और दुकानों में घुसा पानी, भीगने से सामान खराब हुआ
देवली | शहर में रविवार दोपहर मानसून की बरसात ने धमाल मचा दिया। इस दौरान 1 घंटे तक हुई तेज बरसात ने कई सरकारी परिसरों को पानी से घेर लिया तो बाजार नदियों का रुप ले गए। जिससे व्यापारिक प्रतिष्ठानों के अंदर पानी घुस आने के चलते सामान भीग कर खराब हो गए। यहां शहर में रविवार को लोगों को उमस और गर्मी से बेहाल कर रखा था। साढ़े तीन बजे शहर में घटाएं घिरी ओर हल्की बूंदाबांदी के बाद वर्षा का दौर शुरू हुआ। बाद में करीब 1 घंटे तेज हुई। पानी की आवक के चलते शहर की सड़कों ने दरिया का रूप ले लिया।
जहाजपुर चैराहा पर घुटनों तक भर पानी भर जाने से सड़क पर खड़े दुपहिया, चैपहिया वाहनों के पहिये आधे तक डूब गए। सदर बाजार में छतरी चैराहा के पास दुकानों में पानी चला गया। जिससे सामानों को हटाने के लिए व्यापारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कुछ दुकानों में रखा सामान भीग गया।
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, पुलिस थाना परिसर सहित कई कार्यालय परिसर पानी से भर गए। जिससे कार्मिकों को बाहर निकलने में भी परेशानी हुई। व्यापारियों का कहना है कि छतरी चैराहा, ममता सर्किल, पटवा बाजार, जहाजपुर चैराहा पर वर्षों से पानी भराव की समस्या चलती आ रही है लेकिन नगर पालिका प्रशासन ने कभी इन इलाकों की सुध नहीं ली। यदि नालों की पर्याप्त सफाई हो जाती तो दुकानों में पानी नहीं जाता। मगर पालिका की उदासीनता का खामियाजा शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है।

0 Response to "देवली के सरकारी कार्यालय और दुकानों में घुसा पानी, भीगने से सामान खराब हुआ"
एक टिप्पणी भेजें