सीएम फेस पर राजस्थान में चुनाव नहीं लड़ेगी भाजपा
त्रिनेत्र गणेश को दिया न्योता, विजय संकल्प बैठक से पहले नेता पहुंचे मन्दिर
सवाई माधोपुर | विजय संकल्प बैठक से पहले भाजपा के आला नेताओं का सवाई माधोपुर में जमावड़ा लगना शुरू हो गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, केंद्रीय मंत्री कैलाश चैधरी सवाई माधोपुर पहुंचे। रेलवे स्टेशन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।
रेलवे स्टेशन से अरूण सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, कैलाश चैधरी, राज्यसभा सांसद कनकमल कटारा रणथम्भौर पहुंचे। यहां उन्होंने त्रिनेत्र गणेश को न्योता दिया और पूजा-अर्चना की। इस दौरान त्रिनेत्र गणेश मन्दिर के प्रधान सेवक हिमांशु गौतम ने पूजा अर्चना करवाई।
इस दौरान सीपी जोशी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बैठक में राजस्थान के प्रत्येक बूथ पर विजय संकल्प लिया जाएगा। साल 2018 में भाजपा बहुत कम मार्जन से विधानसभा चुनाव हारी थी। जिसका परिणाम यह रहा कि आज राजस्थान में नारी सुरक्षित नहीं और ना ही राजस्थान का भविष्य सुरक्षित है। इस सरकार को जनता ने नकार दिया है। सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है।
चुनाव के बाद घोषित होगा मुख्यमंत्री
मीडिया के बातचीत करते हुए केन्द्रीय मंत्री कैलाश चैधरी ने बताया कि राजस्थान में सीएम फेस नहीं होगा। राजस्थान में प्रधानमंत्री मोदी के नाम पर चुनाव लड़ा जाएगा।
शाम चार बजे शुरु होगा पहला सत्र
बैठक की शुरुआत शाम चार बजे से होगी। जिसमें नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उप नेता प्रतिपक्ष डॉ सतीश पूनिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा अन्य कई सांसद व मंत्री शामिल होंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के लिए महत्वपूर्ण चर्चा होगी।

0 Response to "सीएम फेस पर राजस्थान में चुनाव नहीं लड़ेगी भाजपा"
एक टिप्पणी भेजें