भाजपा की विजय संकल्प बैठक आज से
दो दिन सवाईमाधोपुर में जुटेंगे भाजपा के दिग्गज, राजस्थान विजय का लेंगे संकल्प
सवाईमाधोपुर | अगले दो दिन तक सवाई माधोपुर में भाजपा के दिग्गज नेता एक जगह जुटेंगे और आने वाले विधानसभा चुनाव के लिए विजय का संकल्प लेंगे। सवाई माधोपुर में आज भाजपा की चिंतन बैठक होगी। इस बैठक को विजय संकल्प का नाम दिया गया है।
बैठक में सबसे प्रमुख एजेंडा आगामी विधानसभा चुनावों पर फोकस करने का है। इस दौरान इन बैठकों में राजस्थान में भाजपा की सरकार बनाने को लेकर मंथन किया जाएगा। यह बैठक भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष लेंगे।
शनिवार को पीएम मोदी ने बीकानेर की सभा से भाजपा का चुनावी नैरेटिव तय कर दिया है। विधानसभा चुनावों में भाजपा राज्य में भ्रष्टाचार, रेप, पेपर लीक और तुष्टीकरण के मुद्दों के इर्द-गिर्द ही लड़ेगी।
ऐसे में चिंतन बैठक में इसे लेकर भी आगामी रणनीति पर चर्चा हो सकती हैं। चिंतन बैठक में जो लाइन तय होगी, उसके आधार पर ही आगामी चार महीनों में प्रदेश भाजपा की कार्ययोजना बनेगी।
बैठक में संगठन को मजबूत व सक्रिय करने पर भी चर्चा होगी। साथ ही पीएम मोदी की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश भाजपा की आपसी खींचतान व गुटबाजी पर लगाम लगाने के लिए भी बैठक में कड़ा संदेश दिया जा सकता है। बैठक का उद्घाटन सत्र शाम 4 बजे किया जाएगा, जिसमें करीब 6 सत्र होंगे।
जुटेंगे 40 से ज्यादा नेता
चिंतन बैठक में प्रदेश कोर कमेटी के नेताओं, प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री के अलावा विशेष आमंत्रित सदस्यों को भी बुलाया गया है।
प्रदेश कोर कमेटी में सीपी जोशी, वसुंधरा राजे, राजेन्द्र राठौड़, ओम प्रकाश माथुर, गजेन्द्र सिंह शेखावत, कैलाश चैधरी, अलका गुर्जर, सतीश पूनिया, राजेन्द्र गहलोत, प्रभारी अरुण सिंह, सह प्रभारी विजया राहटकर और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित 16 सदस्य हैं। जो बैठक में शामिल होंगे।
वहीं इनके अलावा प्रदेश कार्यकारिणी में नवनियुक्त उपाध्यक्ष व महामंत्रियों को भी बुलाया गया हैं। इनकी संख्या भी 16 है। इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी भी बैठक में शामिल होंगे। साथ ही बैठक में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, सांसद किरोड़ी लाल मीणा, जसकौर मीणा और पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी को भी बुलाया गया है।

0 Response to "भाजपा की विजय संकल्प बैठक आज से"
एक टिप्पणी भेजें