बीएसएफ के जवान के घर से 25 हजार की नकदी व लाखों के जैवरात चुराए
बीएसएफ जवान परिवार सहित गया था शादी समारोह में शामिल होने
निवाई। शहर में रेल्वे स्टेशन के समीप स्थित गोरधन विहार कालोनी में बीएसएफ जवान के घर में घुसकर चोर 25 हजार की नकदी सहित लाखों के आभूषण चुरा ले गए। शातिर चोर बीएसएफ जवान के सूने मकान के समीप स्थित खाली प्लाट में 20 फीट ऊंची सीढी लगाकर छत से मकान में घुस गए है और चोरी की वारदात को अन्जाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना किया। थाना अधिकारी हरिपाल सिंह ने बताया कि शुक्रवार की अल सुबह गोरधन विहार कोलोनी में स्थित एक सूने मकान में चोरी होने की सूचना मिली। सूचना मिलने पर मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का मुआयना किया। इस दौरान चोरी की घटना वाले मकान के पास पडे हुए खाली भूखण्ड में करीब 20 फीट ऊंची लकड़ी की सीढी लगी हुई मिली। कॉलोनी में निर्माणाधीन मकानों की दूरी वारदात वाले मकान से करीब 200 मीटर है। शातिर चोरों ने निर्माणाधीन मकान से सीढी उठाकर खाली भूखंड में लगाई और उसके सहारे मकान की छत पर चढ गए और मकान में में प्रवेश किया। शुक्रवार की अल सुबह निर्माणाधीन मकान का सीढी मालिक सीढी को ढूंढता हुआ आया तो उसे खाली भूखण्ड में बीएसएफ जवान के सूने मकान की दीवार पर लगी हुई दिखाई दी। इस पर सीढी मालिक ने बीएसएफ जवान कन्हैया लाल बैरवा से जानकारी ली तो उसने सीढी लेकर आने से इंकार किया। इसकी जानकारी मिलते ही बीएसएफ जवान परिवार सहित सुबह करीब 6:30 बजे शादी समारोह से वापस लौटा और देखा तो मकान के गेट पर ताले लगे हुए मिले। गेट खोलकर अन्दर प्रवेश किया तो मकान का सभी सामान बिखरा हुआ मिला। इसकी सूचना पीडित जवान ने पुलिस थाना निवाई पर दी। सूचना पर थाना अधिकारी हरिपाल सिंह जाप्ते सहित घटनास्थल पर पहुंचे। बीएसएफ जवान कन्हैया लाल बैरवा ने निवाई थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ 25 हजार की नकदी, कानों के 5 ग्राम सोने के टॉप्स, 5 ग्राम सोने का मंगलसूत्र, 3 ग्राम सोने की अंगूठी, 3 ग्राम सोने का जंत्र, 100 ग्राम चांदी के कड़े, 250 ग्राम चांदी की पायजेब चोरी होने का मामला दर्ज करवाया है।


0 Response to "बीएसएफ के जवान के घर से 25 हजार की नकदी व लाखों के जैवरात चुराए"
एक टिप्पणी भेजें