डिप्रेशन, नींद, बच्चों के बौद्धिक समस्याओं का घर बैठे टोल फ्री नंबर पर नि:शुल्क इलाज हुआ संभव,
गुरुवार, 15 फ़रवरी 2024
Comment
अब लोगों को बिना अपनी पहचान बताए 24 घंटे मिलेगा मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श व भावनात्मक सहयोग
(रिपोर्टर:अशोक शर्मा)
टोंक। डिप्रेशन या मानसिक रूप से तनावग्रस्त रोगियों के लिए एक अच्छी खबर है। क्योंकि, हाल ही में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने टेली मानस टोल फ्री सेवा शुरू कर हेल्पलाईन नंबर जारी किया है, जिससे अब डिप्रेशन या मानसिक रोगियों को घर बैठे ही 24 घंटे मनोचिकित्सकों व एक्सपर्ट काउंसलरों से नि:शुल्क काउंसिल की फैसिलिटी मिलेगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एस. अग्रवाल ने बताया कि मानसिक रोगियों को घर बैठे ही मनोचिकित्सकों का परामर्श लेने के लिए 24 घंटे टोल फ्री नंबर 14416 या 1800-891-4416 पर कॉल करके टेली मानस केंद्र में संपर्क कर मनोचिकित्सक से उपचार व परामर्श लिया जा सकता है। डिप्टी सीएमएचओ डॉ. महबूब खान ने बताया कि इसके लिए खोले गए कॉल सेंटर पर रोगियों की समस्या को पहचाना जाएगा और फिर परामर्श के साथ-साथ आवश्यकता होने पर इलाज की सुविधा होगी। इस तरह डिप्रेशन, नींद, पारस्परिक संबंधों में तनाव, बच्चों के बौद्धिक व भावनात्मक समस्याओं के निदान के लिए लोगों को कहीं जाने की जरूरत नहीं होगी और लोगों को बिना अपनी पहचान बताए टोल फ्री सेवा उपलब्ध रहेगी। मनोचिकित्सक डॉ. योगेश ने बताया कि कॉल सेंटर पर ऑनलाईन काउंसलिंग के लिए ट्रेंड काउंसलर मुहैया करवाए गए हैं। कॉल सेंटर से जिन रोगियों को व्यक्तिगत तौर पर डॉक्टर से मिलने का परामर्श दिया जाएगा, ऐसे रोगियों को मेडिकल कॉलेज/ जिला अस्पताल में मनोचिकित्सक से उपचार उपलब्ध होगा। स्कूल और कॉलेज लेवल के छात्रों पर खास ध्यान दिया जाएगा। प्रतियोगी परीक्षाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन सहित स्कूल और कॉलेज में युवाओं में बढ़ते दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। डॉ. योगेश ने बताया कि इसके लिए ओपीडी व जांच की पर्ची पर भी टेली मानस सेवा के टोल फ्री हेल्पलाईन नंबर की मोहर लगाकर आमजन को जागरुक किया जा रहा है।

0 Response to " डिप्रेशन, नींद, बच्चों के बौद्धिक समस्याओं का घर बैठे टोल फ्री नंबर पर नि:शुल्क इलाज हुआ संभव,"
एक टिप्पणी भेजें