महंगाई राहत कैंपों में जिले वासियों को मिलेगी राहत
मंगलवार, 11 अप्रैल 2023
Comment
प्रशासन गांवों/शहरों के संग अभियान शिविर 24 अप्रैल से
सवाई माधोपुर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी और महंगाई से राहत दिलाने वाली योजनाओं को लेकर राज्य सरकार शहरी वार्डों से लेकर गांवों में शिविर लगाएगी। प्रदेश में 24 अप्रैल से 30 जून, 2023 तक प्रशासन गांवों/शहरों के संग अभियान के साथ-साथ महंगाई राहत कैंप भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें आमजन और वंचित वर्ग को जनोपयोगी घोषणाओं के बारे में जानकारी देकर पात्रता अनुसार योजनाओं से जोड़ा जाएगा। पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा ‘प्रशासन गांवों के संग अभियान‘ तथा नगरीय विकास, आवासन एवं स्वायत्त शासन विभाग द्वारा ‘प्रशासन शहरों के संग अभियान‘ आयोजित होंगे।
ग्राम पंचायतों और शहरी वार्ड में आयोजित होंगे शिविर:- ग्रामीण क्षेत्रों की ग्राम पंचायतों में प्रशासन गांवों के संग अभियान और शहरी वार्डों में प्रशासन शहरों के संग अभियान के 2 दिवसीय शिविरों का आयोजन होगा। इन शिविरों में महंगाई राहत कैंप के विशेष काउंटर भी लगाए जाएंगे।
राजकीय अस्पतालों, गैस एजेंसी, बस स्टैंड, प्रमुख बाजारों, जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय, पंचायत समिति, नगरपालिका सहित अन्य राजकीय कार्यालयों व सार्वजनिक स्थानों सहित विभिन्न स्थानों पर स्थाई महंगाई राहत कैंप आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर प्रशासन गांवों के संग अभियान के साथ एक-एक महंगाई राहत कैंप लगेगा। शहरी क्षेत्र में प्रत्येक नगरपालिका एवं नगर परिषद स्तर पर महंगाई राहत कैंप लगाए जाएंगे।
शिविरों में मिलेगी राहत:- इन शिविरों में मुख्यमंत्री गैस सिलेंडर योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क अन्नपूर्णा फूड पैकेट योजना, महात्मा गांधी नरेगा, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, पालनहार योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना तथा मुख्यमंत्री चिरंजीवी दुर्घटना बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आमजन को मौके पर ही योजनाओं का लाभ मिलेगा। शिविरों में जनाधार कार्ड में सम्मिलित किसी भी परिवार का वयस्क सदस्य पात्रता अनुसार पंजीकरण भी करा सकता है।
जिला कलक्टर ने दिए तैयारियों के निर्देश:- जिला कलक्टर सुरेश कुमार ओला ने जिला, उपखण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर कैम्प आयोजन से पूर्व तैयारी पूर्ण कर सभी कार्यो को सम्पन्न कर रिब्यू करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रदान किए। ताकि पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनको अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जा सकें। उन्होंने कहा कि आमजन और वंचित वर्ग को महंगाई से राहत देने तथा उनकी दैनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने बजट 2023-24 में कई जनकल्याणकारी घोषणाएं की है। महंगाई राहत कैंपों के आयोजन से इन घोषणाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा मिशन मोड में प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

0 Response to "महंगाई राहत कैंपों में जिले वासियों को मिलेगी राहत"
एक टिप्पणी भेजें