Advertisement

नवीन राजस्थान हाउस के शिलान्यास की तैयारियों का सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री ने लिया जायजा

नवीन राजस्थान हाउस के शिलान्यास की तैयारियों का सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री ने लिया जायजा

 


-नई दिल्ली के ‘लुटियंस बंगला जोन‘ में जल्द बनकर तैयार होगा राजस्थान हाउस का नया भवन

 जयपुर। सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री श्री भजन लाल जाटव ने सोमवार को नई दिल्ली के पृथ्वीराज रोड़ पर जल्द बनकर तैयार होने वाले राजस्थान हाउस के नवीन भवन के शिलान्यास की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर श्री भजनलाल ने नई दिल्ली स्थित राजस्थान हाउस पुनर्निर्माण से जुड़े हुए अधिकारियों की बैठक भी ली।

      लगभग 7,050 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाला राजस्थान हाउस राजस्थान सरकार का एक राजकीय गेस्ट हाउस भवन है। इस गेस्ट हाउस के पुनरुद्धार और पुनर्निर्माण में राजस्थान की कलात्मक आर्किटेक्चर शैली का खूबसूरत तरीके से समन्वय किया जाएगा।

      सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत की मंशा है कि नई दिल्ली में राजस्थानी कला और संस्कृति पर आधारित एक ऐसे नवीन राजस्थान हाउस का निर्माण होना चाहिए, जो राजधानी में मिसाल बन सके।

      उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का विजन है कि राष्ट्रीय राजधानी में राजस्थान से आने वाले आगंतुकों को बेहतरीन सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सके। इसके लिए राजस्थान हाउस को नई तरीके से बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दो बेसमेंट, भूतल और 6 फ्लोर के नवीन राजस्थान हाउस के बेसमेंट भवन में 52 कारों की पार्किंग का प्रावधान रखा गया है। इसमें राज्यपाल महोदय और मुख्यमंत्री महोदय सहित अन्य वी.वी.आई.पी के लिए एक डेडिकेटेड प्रवेश सहित अलग विंग बनाने का प्रावधान किया गया है।

इस भवन के निर्माण में राजस्थान शैली के मूल तत्वों और वास्तुकला सामग्री के साथ प्रदेश की संस्कृति और परंपरा को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस निर्माण में ग्रीन कॉन्सैप्ट, वॉटर हार्वेस्टिंग, सोलर सिस्टम एवं वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम का बखूबी ध्यान रखा जाएगा।

      निरीक्षण के दौरान दिल्ली में राज्य की मुख्य आवासीय आयुक्त श्रीमती शुभ्रा सिंह ने कहा कि नई दिल्ली में नवीन राजस्थान हाउस के साथ-साथ बीकानेर हाउस और उदयपुर हाउस में यूथ हॉस्टल बनाने की तैयारियां भी प्रगति पर है। 

नवीन राजस्थान हाउस के निर्माण कार्याे के निरीक्षण के बाद श्री भजनलाल जाटव ने उदयपुर हाउस का भी जायजा लिया।

0 Response to "नवीन राजस्थान हाउस के शिलान्यास की तैयारियों का सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री ने लिया जायजा "

एक टिप्पणी भेजें

ADVERTISEMENT

advertising articles 2

Advertise under the article

DMCA.com Protection Status