वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने पायलट के कार्यक्रम से बनाई दूरी
रेल लाओ संघर्ष समिति के संयोजक अकबर खान समर्थकों के साथ गए जयपुर
टोंक | पूर्व उप मुख्यमंत्री और टोंक विधायक सचिन पायलट ने अपनी ही सरकार के खिलाफ एक दिन का अनशन शुरू कर दिया है। जयपुर के शहीद स्मारक में सुबह 11 बजे से शुरू हुआ उनका अनशन शाम 4 बजे तक चलेगा। पायलट के अनशन को लेकर टोंक जिले में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता 2 धड़ों में बंटते नजर आए। यूं कहे कि ज्यादातर सीनियर कांग्रेसी नेताओं ने इस कार्यक्रम से दूरी बना ली, जबकि कुछ कांग्रेसी गुपचुप तरीके से जयपुर रवाना हुए।
पायलट के कट्टर समर्थक और रेल लाओ संघर्ष समिति के संयोजक अकबर खान सुबह करीब 10.30 बजे अपने समर्थको के साथ घंटाघर से 8-10 कारों से जयपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान उनके समर्थकों ने सचिन पायलट जिंदाबाद के नारे लगाए। इस दौरान अकबर खान ने बताया कि पायलट की मांग वाजिब है। पिछली सरकार में हुए भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए थी। गहलोत सरकार ने जांच नहीं कराई है। इसके लिए पायलट संघर्ष कर रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस नेता रामलाल संडीला भी अपने समर्थकों के साथ पायलट के अनशन मे शामिल होने के लिए जयपुर गए हैं।
ये पायलट का व्यक्तिगत कार्यक्रम है, पार्टी का होता तो जाता
पीसीसी सदस्य रामविलास चैधरी ने बताया कि यह सचिन पायलट का व्यक्तिगत कार्यक्रम है। पार्टी की ओर से कार्यक्रम होता और बुलाता तो जरूर जाते।
बता दें कि टोंक विधायक सचिन पायलट ने पिछली बीजेपी सरकार में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच की मांग को लेकर एक दिन का अनशन करने का ऐलान किया था। अनशन को लेकर उनके कट्टर समर्थक जयपुर स्थित शहीद स्मारक पहुंच रहे हैं।

0 Response to "वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने पायलट के कार्यक्रम से बनाई दूरी"
एक टिप्पणी भेजें