देवपुरा तेजाजी के धार्मिक मेले में उमड़े श्रद्धालु
पीपलू। उपखण्ड क्षेत्र के देवपुरा में स्थित वीर तेजाजी मंदिर में मंगलवार को एक दिवसीय धार्मिक मेले का आयोजन हुआ। मेले के शुभारंभ अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हंसराज मीणा, क्रय विक्रय सहकारी समिति के पूर्व चैयरमेन छीतरलाल चौधरी, पूर्व उपसरपंच हनुमान चौधरी ने पूजा अर्चना कर मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सुन तेजाजी रे, कुंवर तेजा रे, तेजो बाबो आवेलो सहित अलगोजा की धुन पर लोक संस्कृति से जुड़े लीलण नृत्य कलाकार सीताराम बैरवा ने आकर्षक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मन मोह लिया। सभी ने तेजा गायन कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। अलगोजों.ढोलक की तान के साथ तेजाजी के घोडले में भाव आने के बाद संपूर्ण परिसर जयकारों से गूंजायमान हो गया। तेजाजी के घोडले ने झाड़ा, भभूत देकर लोगों की पीड़ा का निवारण करवाया। श्रद्धालुओं ने तेजाजी मंदिर की चौखट पर मत्था टेक कर अपने परिवार, देश-प्रदेश एवं क्षेत्र की समृद्धि, खुशहाली की कामना की। सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी भी जिमाई गई। इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

0 Response to "देवपुरा तेजाजी के धार्मिक मेले में उमड़े श्रद्धालु"
एक टिप्पणी भेजें